सिरसा में सब इंस्पेक्टर ने रेहड़ी वाले की 20 रुपए की ककड़ी उठाकर खाई, पैसे मांगे तो... अब वीडियो हुआ वायरल

Sirsa police viral video: हरियाणा के सिरसा में एक सब इंस्पेक्टर द्वारा रेहड़ी वाले से 20 रुपये की ककड़ी मुफ्त में खाने और पैसे मांगने पर उसके बेटे को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हो गया है. इस घटना ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानिए पूरा मामला, क्या है आरोप और पीड़ित ने कैसे लगाई न्याय की गुहार.

Sirsa police viral video
Sirsa police viral video

राहुल यादव

follow google news

हरियाणा के सिरसा जिले से पुलिस की कार्यप्रणाली और उनके व्यवहार पर सवाल उठाने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में ऐलनाबाद थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर (SI) सत्यवान पर एक गरीब सब्जी विक्रेता के साथ बदतमीजी, मुफ्त में सब्जी खाने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना सिरसा के ओ2 हेड के पास की है, जहां शनिवार शाम को यह पूरा विवाद हुआ.

Read more!

20 की ककड़ी पर शुरू हुआ विवाद

सब्जी विक्रेता मेहर सिंह के अनुसार, वह सड़क किनारे रेहड़ी लगाकर सब्जी बेचता है. शनिवार शाम करीब 4 बजे वह अपने खेत में काम कर रहा था और रेहड़ी पर उसका बेटा सौरभ बैठा था. इसी दौरान एसआई सत्यवान वहां पहुंचे और सब्जी के भाव पूछने लगे. मेहर सिंह का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने बिना पूछे रेहड़ी से ककड़ी उठाई और खाने लगे. जब सौरभ ने ककड़ी के 20 मांगे, तो एसआई भड़क गए और कहा कि 'तुमने कौन सा तौल कर दी है जो पैसे मांग रहे हो.' 

पैसे मांगने पर बेटे को जड़ा थप्पड़

विवाद तब और बढ़ गया जब सौरभ ने जोर देकर कहा कि ककड़ी उनके खेत की नहीं है और वे इसे मंडी से खरीदकर लाए हैं. आरोप है कि इस बात से नाराज होकर सब इंस्पेक्टर ने सौरभ को थप्पड़ जड़ दिए. शोर सुनकर मेहर सिंह और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. लोगों को आता देख और वीडियो बनता देख पुलिसकर्मी ने अपना मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन जब उसे लगा कि मामला बिगड़ रहा है, तो उसने दबाव में आकर जेब से ₹100 का नोट निकालकर दिया.

चश्मदीदों ने की मारपीट की पुष्टि

मौके पर मौजूद चश्मदीद दर्शन सिंह ने भी पुष्टि की है कि पुलिसकर्मी ने बच्चे के साथ मारपीट की थी. उन्होंने बताया कि बच्चा चिल्लाया तो वे लोग खेत से दौड़कर आए. वीडियो में भी साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी पहले बहस कर रहा है और फिर लोगों के विरोध के बाद पैसे देने को तैयार होता है.

एसपी से न्याय की गुहार

पीड़ित सब्जी विक्रेता मेहर सिंह अब इस मामले की शिकायत लेकर सिरसा के पुलिस अधीक्षक (SP) के पास पहुंचे हैं. उनका कहना है कि वे गरीब लोग हैं और मेहनत करके अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं, ऐसे में वर्दी का धौंस दिखाकर उनके साथ मारपीट करना गलत है. फिलहाल सिरसा पुलिस की ओर से आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है.

    follow google news