Sonipat Bhatgaon Murder Case: हरियाणा के सोनीपत जिले के भटगांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां आपसी रंजिश और प्रेम विवाह से नाराज सगे भाइयों ने एक ऐसा खूनी खेल खेला, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. इस वारदात के समय रात में ड्यूटी से घर लौट रहे दो युवकों पर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने पहले आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका और फिर ताबड़तोड़ 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दी. इस अंधाधुंध गोलीबारी में बिट्टू नाम के एक बेकसूर युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी सागर गंभीर रूप से घायल हो गया.
ADVERTISEMENT
जानिए क्या है पूरी घटना ?
शुरुआती पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक सागर का बड़ा भाई गांव की ही एक लड़की को भगाकर शादी कर चुका था. लड़की का परिवार इस शादी के सख्त खिलाफ था. इसी रंजिश के चलते लड़की के दो सगे भाई मोहित और प्रिंस बदले की आग में जल रहे थे.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
देर रात जब सागर अपने दोस्त बिट्टू के साथ ड्यूटी खत्म करके बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में मोहित और प्रिंस ताक लगाए बैठे थे. आरोपियों ने दोनों को रोककर पहले उनकी आंखों में तीखा मिर्ची पाउडर झोंक दिया ताकि वे कुछ देख न सकें. इसके बाद बिट्टू को निशाना बनाते हुए सिर और हाथ पर गोलियां दाग दीं. बिट्टू का इस पूरे विवाद से कोई लेना-देना नहीं था, वह सिर्फ अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था. इलाज के दौरान बिट्टू ने दम तोड़ दिया.
मुठभेड़ में दोनों भाइयों के पैर में लगी गोली
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए सोनीपत पुलिस की 5 टीमें रात भर छापेमारी कर रही थीं. घटना के करीब 9 से 10 घंटे बाद क्राइम ब्रांच (CIA) की टीम ने दोनों आरोपी भाइयों को घेर लिया. खुद को चारों तरफ से घिरा देख मोहित और प्रिंस ने पुलिस पार्टी पर 3 राउंड सीधे फायर झोंक दिए.
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की. इस मुठभेड़ में दोनों आरोपी भाइयों के पैर में गोली लगी और वे जमीन पर गिर पड़े. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए खानपुर पीजीआई (PGI) में भर्ती कराया है.
अवैध हथियार बरामद, गांव में तनाव
डीसीपी क्राइम नरेंद्र काद्यान ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और दो अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं. आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे भटगांव में भारी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
ADVERTISEMENT


