हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पिता ने अपनी ही 23 साल बेटी की दिन-दहाड़े हत्या कर दी. चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात डायल 112 की पुलिस टीम और दुर्गा शक्ति की एक महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में हुई. पुलिस आरोपियों को समझाने की कोशिश कर रही थी, तभी आवेश में आकर परिवार ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया.
ADVERTISEMENT
क्या थी हत्या की वजह?
मृतक युवती की पहचान चीनू के रूप में हुई है, जो नर्सिंग की छात्रा थी. जानकारी के अनुसार, चीनू का पिछले 2-3 सालों से देवा नाम के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. चीनू उसी से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके माता-पिता और भाई इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. रविवार सुबह इसी बात को लेकर घर में तीखी बहस हुई. जब परिजनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी, तो चीनू ने डरकर डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया.
पुलिस के सामने ही कर दिया कत्ल
चीनू की कॉल पर दुर्गा शक्ति और डायल 112 की टीम उसके घर पहुँची. महिला पुलिसकर्मी घर के अंदर परिजनों को समझा रही थी कि तभी विवाद अचानक बढ़ गया. आरोप है कि चीनू के भाई राहुल और माँ गीता ने उसके हाथ-पांव पकड़ लिए और पिता अनिल ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस दौरान बीच-बचाव करने आई महिला पुलिसकर्मी को भी धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे वह घायल हो गई. चीनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
आरोपी रिमांड पर, अंतिम संस्कार से भी किया इनकार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चीनू के पिता अनिल, मां गीता और भाई राहुल को गिरफ्तार कर लिया है. गोहाना पुलिस के डीसीपी जितेंद्र गहलावत ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रूरता की हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने चीनू के शव का अंतिम संस्कार करने तक से मना कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


