हरियाणा के सोनीपत जिले से एक बेहद डरावना वीडियो सामने आया है, जो हर माता-पिता के लिए एक बड़ी चेतावनी है. जिले के सबसे व्यस्ततम 'रेलवे रोड' इलाके में एक मासूम बच्चे का महज 20 सेकंड के भीतर अपहरण कर लिया गया. यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.
ADVERTISEMENT
खेल रहा था बच्चा, तभी आ धमका किडनैपर
घटना सोनीपत के रेलवे रोड की है, जहां रेहड़ी लगाने वाले एक दंपत्ति का बच्चा पास में ही खेल रहा था. माता-पिता अपने काम में व्यस्त थे, तभी झोला लिए एक अनजान व्यक्ति वहां पहुंचता है. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि वह व्यक्ति बड़ी ही बेखौफ तरीके से बच्चे को उठाता है और वहां से रफूचक्कर हो जाता है. यह सब इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई.
रिक्शे वाले की मदद से मिला सुराग
जब माता-पिता को बच्चा नहीं मिला, तो उन्होंने आसपास तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद एक रिक्शे वाले ने बताया कि उसने एक कबाड़ी जैसे दिखने वाले व्यक्ति को बच्चे के साथ 'सुभाष चौक' की ओर जाते देखा है. जानकारी मिलते ही परिजन दौड़कर सुभाष चौक पहुंचे, जहां उन्हें अपना बच्चा सकुशल मिल गया.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
पीड़ित पिता का आरोप है कि घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले में ढिलाई बरती. बच्चे के पिता के मुताबिक, आरोपी को उन्होंने खुद पकड़ा और फिर पुलिस के हवाले किया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी है.
यह खबर उन सभी अभिभावकों के लिए एक सबक है जो सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों को अकेला छोड़ देते हैं. महज कुछ सेकंड की लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है.
ADVERTISEMENT


