दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल कुलदीप की ये दूसरी शादी, बारात लौटाने पर लड़की के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

24 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 24 2026 6:19 PM)

सोनीपत में 20 नवंबर को तय शादी टूटने के मामले में लड़की के पिता ने दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल कुलदीप पर कार की मांग, दुर्व्यवहार और पहले से शादी छिपाने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

लड़की के पिता ने हरियाणा तक पर किए आरोपी कॉन्स्टेबल को लेकर कथित कई खुलासे !
लड़की के पिता ने हरियाणा तक पर किए आरोपी कॉन्स्टेबल को लेकर कथित कई खुलासे !
Google CTA

हरियाणा के सोनीपत में एक तय शादी टूटने और बारात के वापस लौटने का मामला चर्चा में आ गया है. यह रिश्ता गोहाना क्षेत्र के निवासी और दिल्ली पुलिसमें तैनात बताए जा रहे कॉन्स्टेबल कुलदीप के साथ तय हुआ था, जिसकी शादी 20 नवंबर को होनी थी. 'हरियाणा तक' से बातचीत में लड़की के पिता सुभाष कुमार ने पूरे घटनाक्रम को लेकर कई दावे किए हैं और कई गंभीर आरोप लगाए हैं. 

Read more!

लड़की के पिता के मुताबिक, 18 नवंबर को सगाई से पहले बिचौलियों के जरिए गाड़ी को लेकर बातचीत हुई थी. उन्होंने दावा किया कि पहले उनकी ओर से कार न देने की बात कही गई थी, लेकिन दबाव के चलते उन्होंने 15 नवंबर को होंडा (Honda) कार बुक कराई. उनका आरोप है कि लड़के पक्ष ने उस गाड़ी से इनकार कर 'ब्रेजा' (Brezza) की मांग रखी, जिसके बाद कम समय के चलते ब्रेजा उपलब्ध नहीं हो सकी. 

सगाई और शादी के दिन का घटनाक्रम 

सुभाष कुमार ने बताया कि सगाई के दौरान उन्होंने लड़के व उसके परिवार को गहने, कपड़े और अन्य सामान दिया था साथ ही बिचौलियों के कहने पर घोड़ी और डीजे का इंतजाम भी अपने खर्च पर किया. रिपोर्ट में कहा गया है कि 20 नवंबर को बारात के समय को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज के हालात बन गए. लड़की के पिता ने बंधक बनाए जाने और 32 लाख रुपये की मांग किए जाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें झूठा करार दिया है. 

पहली शादी छिपाने का आरोप

लड़की के पिता ने यह भी दावा किया कि उन्हें बाद में पता चला कि कुलदीप की पहले भी शादी हो चुकी थी और यह बात उनसे छिपाई गई. उन्होंने कहा कि उन्हें किसी पैसे की मांग नहीं है, बल्कि जो सामान व गहने दिए गए थे वह वापस मिलने चाहिए और इस मामले में सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए. दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था और अब इस मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है. 

क्या है ये पूरा मामला ? 

सोनीपत के वेस्ट रामनगर निवासी रिटायर्ड कर्मचारी सुभाष कुमार ने जनवरी 2026 में बिचौलियों के जरिए अपनी बेटी का रिश्ता गोहाना (गांधी नगर) निवासी कुलदीप से तय कराया था. कुलदीप दिल्ली पुलिस के आउटर-नॉर्थ जिले में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं. 26 अप्रैल को दोनों की रिंग सेरेमनी हुई और 20 नवंबर 2026 को शादी की तारीख तय की गई. 

20 नवंबर की रात बारात पहुंचने पर कार और अन्य मांगों को लेकर विवाद बढ़ गया. जिसके बाद गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई. रात करीब 12 बजे दूल्हा पक्ष बिना शादी किए बारात वापस ले गया. लड़की पक्ष ने सोनीपत के सेक्टर-27 थाने में कुलदीप, उसकी मां, भाई-भाभी और दो बिचौलियों समेत 6 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और दिया गया सामान व गहने वापस दिलाने की मांग की है.  

कॉन्स्टेबल कुलदीप की सफाई

दूसरी ओर, कुलदीप ने दहेज या ब्रेजा कार मांगने के सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है. कुलदीप का दावा है कि विवाद वाटिका में बारात के स्वागत, प्रवेश (रिबन काटने) और कपड़े बदलने की जगह न मिलने को लेकर हुई कहासुनी से शुरू हुआ था. 

Rohtak News: अफ़ीम का नशा और 5-6 बार शिकायत, पत्नी का मर्डर करने वाले Wrestler पर बड़ा खुलासा! हर कोई चौंका!।

उसका आरोप है कि लड़की पक्ष ने वाटिका का दरवाजा बंद कर उन्हें बंधक बनाने की कोशिश की और समझौते के नाम पर 32 लाख रुपये की मांग की, जिसके बाद उसने खुद 112 नंबर पर पुलिस को कॉल किया. वहीं लड़की के पिता ने वाटिका दिखाते हुए कहा कि यहां बंधक बनाने और दरवाजा बंद करने जैसा कुछ नहीं है. लड़के वालों के ये आरोप मनगढ़ंत और झूठे हैं. 

पुलिस की कार्रवाई 

मामला सामने आने और शिकायत दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को कॉन्स्टेबल कुलदीप को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है. वहीं, सोनीपत पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है. 

Sonipat Marriage Dispute: बारात लौटने और दहेज के आरोपों पर दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप ने दी सफाई, जानिए क्या कहा