Haryana News: हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने सोनीपत में ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के आसपास चलने वाले नाइट क्लब्स पर अचानक छापेमारी की. रात के अंधेरे में सिविल ड्रेस (साधारण कपड़ों) में पहुंचीं रेनू भाटिया ने करीब 6 घंटों तक इस इलाके के अलग-अलग क्लबों को खंगाला. हालांकि, रेड की सूचना पहले ही लीक होने के कारण उन्हें कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी.
ADVERTISEMENT
संदिग्ध गतिविधियों और नशे की मिली थी शिकायत
रेनू भाटिया ने बताया कि महिला आयोग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यूनिवर्सिटी के आसपास के नाइट क्लबों में संदिग्ध गतिविधियां होती हैं और युवाओं को नशा परोसा जाता है. इसी की जांच के लिए उन्होंने शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक खुद इस ऑपरेशन को लीड किया. सोनीपत एजुकेशन सिटी का हब है, जहां बड़ी संख्या में छात्र पार्टी और एंजॉय करने आते हैं, लेकिन नशे की शिकायतों ने आयोग की चिंता बढ़ा दी थी.
सूचना लीक होने से खाली मिले नाइट क्लब
रेड के दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई कि अधिकांश नाइट क्लब या तो बंद मिले या वहां का म्यूजिक अचानक बंद कर दिया गया था. रेनू भाटिया ने हमारे संवाददाता पवन राठी से बातचीत में कहा, 'मुझे अफसोस है कि कुछ लोगों ने रेड की सूचना लीक कर दी. जब मैंने ग्राहकों बनकर अंदर पूछा कि म्यूजिक क्यों बंद है, तो उन्होंने बताया कि रेड पड़ने वाली है और मालिक का फोन आया था कि क्लब बंद कर दो.'
'युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को नहीं छोड़ेंगे'
सूचना लीक होने पर रेनू भाटिया ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, 'जिसने भी यह खबर लीक की है, उसने युवाओं के भविष्य के बजाय क्लब मालिकों के पैसे को बचाने का प्रयास किया है. हम इसकी गहराई तक जाएंगे कि आखिर यह जानकारी बाहर कैसे पहुंची.' उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मिशन अभी पूरा नहीं हुआ है और वे जल्द ही दोबारा छापेमारी करेंगी.
यूनिवर्सिटी गेट के पास नशे का माहौल चिंताजनक
बातचीत के दौरान चेयरपर्सन ने इस बात पर भी चिंता जताई कि यूनिवर्सिटी गेट के पास बच्चे शराब और सिगरेट पीते नजर आते हैं. उन्होंने कहा कि अगर हम बच्चों को बचाने का प्रयास करते हैं और कुछ लोग इसमें विघ्न डालते हैं, तो यह समाज के लिए अच्छा नहीं है. रेनू भाटिया ने संकेत दिए हैं कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री से भी बात कर सकती हैं और भविष्य में ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे.
यहां देखें वीडियो
'20 साल हुड्डा की वफादारी की, उन्होंने ही...', कांग्रेस से सस्पेंड होने पर जरनैल सिंह का फूटा गुस्सा
ADVERTISEMENT


