गैंगस्टर सनी रिटोलिया को मारने के लिए कथित गर्लफ्रेंड जाह्नवी ने बनाए थे दो प्लान? कॉफी से लेकर लोकेशन तक की पूरी कहानी आई सामने

29 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 29 2026 7:56 PM)

Sunny Ritoliya Murder case: रोहतक के मिलन होटल में हुई गैंगवार के पीछे अब एक नया एंगल सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर सनी रिटोलिया को निशाना बनाने के लिए उसकी कथित गर्लफ्रेंड जानवी के जरिए दो प्लान तैयार किए गए थे. पहले कॉफी से बेहोश करने और फिर लोकेशन पहुंचाने की कहानी ने जांच को नया मोड़ दिया है.

गैंगस्टर सनी रिटोलिया को मारने के लिए गर्लफ्रेंड ने बनाए थे दो प्लान
गैंगस्टर सनी रिटोलिया को मारने के लिए गर्लफ्रेंड ने बनाए थे दो प्लान
Google CTA

Sunny Ritoliya Murder case: रोहतक के मिलन होटल में हुई गैंगवार को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर सनी रिटोलिया को निशाना बनाने के लिए कथित तौर पर उसकी गर्लफ्रेंड जाह्नवी के जरिए दो प्लान तैयार किए गए थे. पहले प्लान में कॉफी के जरिए उसे बेहोश कर किडनैप करने की तैयारी थी, जबकि दूसरा प्लान उसकी लोकेशन हमलावरों तक पहुंचाने से जुड़ा था. हालांकि, पूरी साजिश के दौरान घटनाक्रम ऐसा बदला कि सनी बच निकला और हिमांशु की गोली लगने से मौत हो गई.

Read more!

कैसे सनी के संपर्क में आई थी जानवी

सूत्रों के अनुसार,जाह्नवी करीब तीन महीने से इंस्टाग्राम के जरिए सनी रिटोलिया के संपर्क में थी. बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने धीरे-धीरे सनी से नजदीकियां बढ़ाईं और उसका भरोसा जीत लिया. आरोप है कि हिमांशु भाऊ गैंग के साहिल ने जानवी को सनी के करीब भेजा था. कथित योजना के तहत उसे सनी की लोकेशन और उसके अकेले होने की जानकारी गैंग तक पहुंचानी थी.

पहला प्लान: कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर किडनैप करना

जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर की रात रोहतक के मिलन होटल में सनी रिटोलिया को निशाना बनाने के लिए पहला प्लान तैयार किया गया था. इसके तहत उसकी कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश करने और फिर किडनैप करने की योजना थी. हालांकि, बताया जा रहा है कि कॉफी पीते समय सनी को शक हो गया और वह होटल से बाहर निकल गया. इसके बाद कथित तौर पर दूसरा प्लान लागू किया गया.

दूसरा प्लान: फोन कर होटल बुलाया, हमलावरों तक पहुंचाई लोकेशन

सूत्रों का दावा है कि सनी के होटल से निकलने के बाद जाह्नवी ने उसे फोन किया और दोबारा होटल बुलाया. आरोप है कि इसी दौरान उसने सनी की लोकेशन हमलावरों तक पहुंचा दी. इसके बाद होटल में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई. इस बीच भीड़ का फायदा उठाकर सनी वहां से निकल गया. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सनी समझकर हिमांशु को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई.

जानवी को अमेरिका में बसाने का दिया गया था वादा?

सूत्रों के मुताबिक, इस कथित साजिश के बदले जाह्नवी को अमेरिका में बसाने का वादा किया गया था. बताया जा रहा है कि वारदात से पहले वह रोहतक के खरावड़ के पास मिलन होटल समेत कई होटलों और ढाबों पर भी गई थी. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

वारदात के बाद हमलावरों के साथ दिल्ली पहुंची जानवी

बताया जा रहा है कि होटल में फायरिंग की घटना के बाद जाह्नवी हमलावरों के साथ गाड़ी में बैठकर दिल्ली पहुंची. इसके बाद वह उसी रात दिल्ली एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए रवाना हो गई. सूत्रों के मुताबिक, उसे डर था कि भारत में रुकने पर सनी रिटोलिया उसे नुकसान पहुंचा सकता है.

पुरानी दुश्मनी में रची गई थी साजिश?

रोहतक गैंगवार के पीछे हिमांशु भाऊ और सनी रिटोलिया गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार, हिमांशु भाऊ अपने भाई रोहित और चाचा बजरंग की मौत का बदला लेना चाहता था. इसी रंजिश में सनी रिटोलिया को निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी. इससे पहले भी सनी पर जानलेवा हमले हो चुके हैं. गांव रिटोली में शराब के ठेके पर हुई गोलीबारी में भी वह बच निकला था.

पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले में रोहतक के एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि गैंगवार की जांच की जा रही है और तीन आरोपियों की पहचान हो चुकी है. जाह्नवी के विदेश जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर वह विदेश भागी है तो उसे वापस लाया जाएगा. विदेश जाने का मतलब यह नहीं है कि वह गिरफ्तारी से बच जाएगी. फिलहाल,जाह्नवी की भूमिका को लेकर सामने आ रहे दावों की जांच जारी है. पुलिस की जांच के बाद ही इस कथित साजिश और गैंगवार से जुड़े बाकी पहलुओं की तस्वीर साफ हो पाएगी.

यह भी पढ़ें: UPSC की तैयारी के लिए दिल्ली आई थी, फिर गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया से कैसे जुड़ा नाम? जानिए कौन है जाह्नवी मलिक और क्या है उसकी पूरी कहानी