गुरुग्राम: घर में बजने वाली थी शादी की शहनाई, उससे पहले होटल में मिला प्रांजिल पाठक का शव, आखिर कमरा नंबर 302 में क्या हुआ?

नीरज वशिष्ठ

• 04:39 PM • 04 Nov 2026

Gurugram Hotel Software Engineer Death Case: यूके में कार्यरत 35 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रांजिल पाठक की गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित होटल के बाथटब (जकूजी) में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. ऋषिकेश से छुट्टियां मनाकर लौटे प्रांजिल की जल्द ही शादी होने वाली थी. कमरा अंदर से बंद था, जिससे यह मामला बेहद रहस्यमयी बन गया है.

सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गुरुग्राम के होटल में रहस्यमयी मौत
सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गुरुग्राम के होटल में रहस्यमयी मौत
Google CTA

Gurugram Hotel Software Engineer Death Case: जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं और शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है. ब्रिटेन (UK) की एक कंपनी में काम करने वाले 35 वर्षीय भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रांजिल पाठक की जिंदगी का इस तरह दर्दनाक अंत होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था. मैनचेस्टर में रहने वाले प्रांजिल जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले थे. आगरा स्थित उनके घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन सोमवार देर रात गुरुग्राम से आई एक खबर ने परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं. सोमवार को गुरुग्राम के होटल में उनकी रहस्यमयी मौत हो गई. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं इस खबर में...

Read more!

छुट्टियों के बाद गुरुग्राम बना आखिरी ठिकाना

प्रांजिल पाठक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की ओल्ड ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले हैं.  वे उत्तराखंड के ऋषिकेश से अपनी छुट्टियां बिताने के बाद सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे. यहां उन्होंने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपने एक मित्र को फ्लाइट में बिठाया. इसके बाद प्रांजिल ने रात में रुकने के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में कमरा नंबर 302 बुक कराया. लेकिन किसे पता था कि ऋषिकेश से शुरू हुआ यह खूबसूरत सफर गुरुग्राम के एक बंद कमरे में खत्म हो जाएगा.

बंद कमरे का दरवाजा खुला तो उड़े होश

दरअसल, सोमवार देर रात करीब 8 बजे होटल के कर्मचारियों को कमरा नंबर 302 में किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ. उन्होंने जब दरवाजे को खोलकर अंदर देखा तो वहां का नजारा बेहद डरावना था. प्रांजिल बाथरूम के अंदर जकूजी (बाथटब) के पानी में पूरी तरह अचेत पड़े हुए थे. आनन-फानन में सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया.

सीसीटीवी फुटेज और बंद कमरे की पहेली

पुलिस ने जब मामले की तहकीकात शुरू की तो होटल की तीसरी मंजिल, मेन गेट और एग्जिट पॉइंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज से साफ हुआ कि प्रांजिल के कमरे में दाखिल होने के बाद कोई भी अन्य बाहरी व्यक्ति अंदर नहीं गया था और कमरा भीतर से ही लॉक था. इस वजह से मौत की यह घटना बेहद रहस्यमयी बन गई है. पुलिस फिलहाल जकूजी में नहाते समय अचानक दिल का दौरा पड़ने, पैर फिसलकर गिरने या दम घुटने जैसे हर संभावित एंगल से जांच में जुटी है. हालांकि, इस रहस्यमयी मौत के असली कारणों पर से पर्दा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उठ सकेगा.

यह भी पढ़ें: करनाल: ₹3000 का बिजली बिल बना विवाद की वजह, 60 वर्षीय बुजुर्ग सास ने बहू के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत