Vanshika Karnal CBSE Topper: सीबीएसई 12वीं के नतीजों में करनाल की एक बेटी ने साबित कर दिया कि अगर इरादे फौलादी हों, तो शारीरिक अक्षमता कभी बाधा नहीं बनती. करनाल की रहने वाली वंशिका नेत्रहीन हैं, लेकिन मजबूत इरादों से उन्हें 12वीं की परीक्षा में 97.4% अंक हासिल कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है. वंशिका के पिता एक मजदूर हैं, लेकिन अपनी मेहनत और लगन से वंशिका ने आसमान छूने की तैयारी कर ली है.
ADVERTISEMENT
आईएएस बनकर देश सेवा का सपना
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए वंशिका ने बताया कि जब उन्होंने रिजल्ट देखा तो वह काफी नर्वस थीं, लेकिन अच्छे अंकों ने उनकी पूरी साल की मेहनत को सफल बना दिया. भविष्य की योजनाओं के बारे में वंशिका का लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है वह यूपीएससी (UPSC) क्रैक कर आईएएस (IAS) अधिकारी बनना चाहती हैं ताकि समाज और देश की सेवा कर सकें.
टीचर को माना अपना रोल मॉडल
वंशिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षक अश्विनी कुमार को दिया है. उन्होंने कहा कि उनके सर ने उन्हें हमेशा ऊंचे सपने देखना और चुनौतियों का सामना करना सिखाया है. उन्होंने अन्य छात्रों को भी संदेश दिया कि मेहनत करें और फल की चिंता न करें. वंशिका के अनुसार, अगर हम चुनौतियों का सामना करना सीख लें, तो कोई भी हमें हरा नहीं सकता.
परिवार में खुशी का माहौल
वंशिका के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. उनकी माता और चाची ने बताया कि वंशिका बचपन से ही पढ़ाई में बहुत होनहार है. परिवार ने आर्थिक तंगी और चुनौतियों के बावजूद वंशिका को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. अब वे वंशिका के उच्च शिक्षा के सपनों को पूरा करने के लिए हर संभव मदद करने को तैयार है.
ADVERTISEMENT


