भारतीय कुश्ती की धाकड़ खिलाड़ी और हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट एक बार फिर कुश्ती के मैदान (मैट) पर अपना जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. तमाम कानूनी अड़चनों को पार करते हुए विनेश फोगाट शनिवार, 30 मई को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंचीं, जहां एशियन गेम्स 2026 के लिए सिलेक्शन ट्रायल्स चल रहे हैं.
ADVERTISEMENT
सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत
दरअसल, भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने एंटी-डोपिंग नियमों के तहत सन्यास से वापसी करने वाले एथलीटों के लिए अनिवार्य 6 महीने की नोटिस अवधि और अनुशासनहीनता का हवाला देकर विनेश को 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं के लिए अयोग्य घोषित कर दिया था. विनेश ने इस प्रतिबंध और कारण बताओ नोटिस के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.
शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस पी एस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराध्य की बेंच ने WFI की उस अर्जी को ठुकरा दिया, जिसमें विनेश को ट्रायल से रोकने की मांग की गई थी. शीर्ष अदालत ने विनेश की खेल उपलब्धियों का सम्मान करते हुए उन्हें ट्रायल में शामिल होने की अनुमति दी और कहा कि उन्होंने देश का नाम रोशन किया है, इसलिए उन्हें यह मौका मिलना चाहिए.
रणनीति और वेट टेस्ट पास
स्टेडियम पहुंचने के बाद विनेश फोगाट की कई तस्वीरें सामने आईं, जिनमें वे अपने कोच और सपोर्ट स्टाफ के साथ वार्म-अप करती और मुकाबले के लिए खास रणनीति बनाती नजर आईं. मीडिया से बातचीत के दौरान विनेश ने पुष्टि की कि उन्होंने एशियन गेम्स ट्रायल्स के लिए अनिवार्य 53 किलोग्राम वजन का टेस्ट (Weight Test) सफलतापूर्वक पास कर लिया है.
विनेश के करियर के लिए आज का दिन बेहद निर्णायक है. अगर वे इन सिलेक्शन ट्रायल्स को जीत जाती हैं, तो एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर तिरंगा लहराने के लिए उनकी दावेदारी पक्की हो जाएगी.
ADVERTISEMENT


