कांवड़ यात्रा के बीच हरियाणा के यमुनानगर से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गांव लौट रहे जींद जिले के दो युवा कांवड़ियों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया. हादसे में दोनों युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद से ही इलाके में मातम पसर गया है और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
यह भयानक हादसा यमुनानगर के रादौर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर घोड़क गांव के पास हुआ. मृतक युवाओं की पहचान जींद जिले के नरवाना स्थित मोरपट्टी गांव निवासी 21 वर्षीय सचिन और 21 वर्षीय अजय कुमार के रूप में हुई है.
चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों साथी हरिद्वार से पैदल ही कांवड़ लेकर अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक ड्राइवर उनके ऊपर से टायर चढ़ाते हुए मौके से फरार हो गया.
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सचिन की इसी साल अप्रैल महीने में शादी हुई थी और वह दो बहनों का इकलौता भाई था. परिजनों के अनुसार, सचिन और अजय दोनों पहली बार कांवड़ यात्रा पर गए थे.
हादसे में बाल-बाल बचे प्रत्यक्षदर्शी विक्रम ने बताया कि जब हादसा हुआ तब वे चार लोग साथ चल रहे थे. ट्रक को तेजी से आता देख वह सड़क के दूसरी ओर कूद गया, जिससे उसकी जान बच पाई. उसने पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी की सीमा में कांवड़ियों की सुरक्षा और सड़कों पर लाइटिंग के पुख्ता इंतजाम थे, लेकिन हरियाणा में दाखिल होते ही सड़कों पर अंधेरा था और ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए पुलिस बल की कमी नजर आई. फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT


