Yamunanagar Financer Harbhajan Singh Murder News: हरियाणा के यमुनानगर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में गुरुवार सुबह हुए 60 वर्षीय फाइनेंसर हरभजन सिंह उर्फ जयदा हत्याकांड में एक नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है. सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर एक पोस्ट शेयर कर कुख्यात काला राणा, शुभम पंडित और रोहित गोदारा ग्रुप ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि हरभजन सिंह की हत्या इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह का करीबी होने की वजह से की गई है. हालांकि, पुलिस और मीडिया नेटवर्क इस वायरल पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं करते हैं.
जिम के बाहर घात लगाकर 17 राउंड फायरिंग की
घटना गुरुवार सुबह की है जब फाइनेंसर हरभजन सिंह रोज की तरह मॉडल टाउन स्थित एक जिम से वर्कआउट करके बाहर निकले थे. बाहर पहले से घात लगाए बैठे दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. हरभजन सिंह अपनी जान बचाने के लिए अपनी कार की तरफ भागे, लेकिन बदमाशों ने उन पर करीब 17 राउंड गोलियां चलाईं. सिर और शरीर में कई गोलियां लगने से हरभजन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.वारदात के बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए, जिनकी धुंधली तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.
सोशल मीडिया पोस्ट में गैंगस्टरों की खुली धमकी
हत्या के बाद इंस्टाग्राम पर शुभम पंडित और रोहित गोदारा ग्रुप की तरफ से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लिखा गया:
"जय बजरंगबली, राम-राम सभी भाइयों को. जो आज यमुनानगर के मॉडल टाउन में जिम के बाहर हरभजन सिंह का मर्डर हुआ है, उसकी जिम्मेदारी मैं शुभम पंडित और रोहित गोदारा ग्रुप लेते हैं. यह हमारे दुश्मन पूर्व विधायक (MLA) दिलबाग सिंह का खास बन रहा था, इसी कारण इसको यह सजा मिली है. जितने भी दिलबाग सिंह के खास हैं, सारे तैयार रहो, नंबर सबका लगेगा. जो भी इसके साथ पानी तक पिएगा, वह हमारा दुश्मन होगा." पोस्ट में काला राणा ग्रुप, गोगी मान ग्रुप, अरविंद गिल, वीरेंद्र चारण और कार्तिक पंडित ऑस्ट्रेलिया का भी जिक्र किया गया है.
कौन हैं पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और क्या है रंजिश?
दिलबाग सिंह यमुनानगर के प्रमुख कारोबारी और आईएनएलडी के पूर्व विधायक हैं और आईएनएलडी नेता अभय सिंह चौटाला के समधी हैं. उनकी बेटी की शादी पूर्व विधायक रानिया अर्जुन चौटाला के साथ हुई है दिलबाग सिंह का प्लाईवुड और ट्रांसपोर्ट का बड़ा कारोबार है. यमुनानगर के रहने वाले गैंगस्टर काला राणा (वीरेंद्र प्रताप सिंह) के साथ उनकी लंबे समय से रंजिश चली आ रही है. इससे पहले दिलबाग सिंह के भाई राजा पर भी हमला हो चुका है, उनके पार्टनर पर भी गोलियां चली हैं और उनकी प्लाईवुड फैक्ट्री के बाहर भी फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं. साल 2017 से दिलबाग सिंह और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा (सिक्योरिटी) मिली हुई है.
पुलिस की जांच जारी
यमुनानगर पुलिस और क्राइम यूनिट की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार शूटर्स की पहचान करने और उनकी धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि वायरल पोस्ट की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT


