खामोश हो गई वो आवाज...अंधेरे में चिंगारी मैं अमित तिवारी! वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर मीडिया जगत में शोक

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार अमित तिवारी का शुक्रवार शाम को निधन हो गया. एमपी तक और दिल्ली आजतक से जुड़े रहे अमित तिवारी अपनी बेबाक रिपोर्टिंग और जिंदादिल अंदाज के लिए पहचाने जाते थे, उनके निधन से मीडिया जगत में शोक की लहर है.

Amit Tiwari Death
Amit Tiwari Death

न्यूज तक डेस्क

follow google news

अपनी बेबाक रिपोर्टिंग, चेहरे पर हमेशा रहने वाली मुस्कान और हर खबर की तह तक पहुंचने वाले अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ पत्रकार अमित तिवारी अब हमारे बीच नहीं रहे. उनके अचानक निधन की खबर ने पत्रकारिता जगत, उनके सहयोगियों, शुभचिंतकों और दर्शकों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

Read more!

मध्य प्रदेश के सागर से आने वाले अमित तिवारी का जीवन सफर बेहद प्रेरणादायक रहा. उनके भीतर एक कलाकार भी था, जिसने उन्हें ड्रामा स्कूल तक पहुंचाया. उन्होंने रंगमंच की बारीकियां सीखीं और अभिनय के सपनों के साथ मुंबई का रुख किया. मुंबई में उन्होंने कुछ फिल्मों में भी काम किया, लेकिन किस्मत ने उनके लिए एक अलग रास्ता चुन रखा था. अभिनय की दुनिया से निकलकर उन्होंने पत्रकारिता को अपना कर्मक्षेत्र बनाया और जल्द ही अपनी अलग पहचान स्थापित कर ली.

राजधानी दिल्ली में 'दिल्ली आजतक' के साथ उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर को नई दिशा दी. इसके बाद वर्ष 2020 से 2024 तक वह 'एमपी तक' का एक प्रमुख और लोकप्रिय चेहरा रहे. मध्य प्रदेश की राजनीति, प्रशासन और जनता से जुड़े मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग को हमेशा गंभीरता और विश्वसनीयता के साथ देखा गया. उनकी शैली ऐसी थी, जो सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचती थी. हाल के समय में भी वह अपने यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार लोगों से जुड़े हुए थे और जनसरोकारों की आवाज उठा रहे थे.

अमित तिवारी के निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है. पत्रकारिता जगत के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है.

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अमित तिवारी जी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

हर कोई यही कह रहा है कि एक जिंदादिल, संवेदनशील और प्रतिभाशाली पत्रकार बहुत जल्दी इस दुनिया को छोड़कर चला गया.

'TAK चैनल्स' के मैनेजिंग एडिटर मिलिंद खांडेकर ने भी अमित तिवारी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की. 

तिवारी जी नहीं रहें. जाने माने पत्रकार और एंकर अमित तिवारी का कल नोएडा में निधन हो गया. शम्स ताहिर खान ने बुरी खबर बताने के लिए कल रात फ़ोन किया तो यकीन ही नहीं हुआ. तिवारी जी के साथ MP Tak में काम किया . इससे पहले वो आज तक और दिल्ली आज तक में काम कर चुके थे. वो वाणी के धनी थे,… pic.twitter.com/y8xCGKmDhy

— Milind Khandekar (@milindkhandekar) May 30, 2026

अमित तिवारी आज भले ही हमारे बीच मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनकी निर्भीक पत्रकारिता, उनकी सादगी, उनका आत्मीय व्यवहार और उनकी मुस्कान हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी.

टीवी पत्रकार चित्रा त्रिपाठी ने भी उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

पूरी मीडिया बिरादरी की ओर से अमित तिवारी को भावभीनी श्रद्धांजलि. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें.

    follow google news