"मैं जिसे अपना मुहाफ़िज़ (रक्षक) समझता रहा, उसी के हाथ में मेरे कत्ल का खंजर निकला."...दुनिया से जा चुके देवकृष्ण का परिवार आज अपनी बहू प्रियंका और उस घड़ी को कोस रहा है जिसमें बेटे की शादी तय हुई थी. इस रिश्ते के बाद केवल देवकृष्ण का जान ही नहीं गई है बल्कि इस पवित्र रिश्ते पर एक बड़ा कुठाराघात भी हुआ है. अभी इंदौर के सोनम और राजा रघुवंशी केस का खौफ लोगों के जेहन से निकल नहीं पाया था, तभी धार के इस हत्याकांड ने सबको हिलाकर रख दिया है.
ADVERTISEMENT
शादी के बाद से प्रियंका की प्रताड़ना पूरा परिवार झेल रहा था. पहले तो मृतक देवकृष्ण की बहन ज्योति और मां ने बहू के करतूतों की असलियत बताई...अब इससे जुड़े वीडियो भी सामने आने लगे हैं. देवकृष्ण और उसका परिवार लंबे समय से प्रियंका द्वारा प्रताड़ित हो रहा था. अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें देवकृष्ण हाथों पर कॉटन से दवा लगा रहा है. बेडरुम के दरवाजे पर मां खड़ी हैं...और पूछ रही हैं क्यों क्यों चिल्ला रहे थे. देवकृष्ण ने बताया कि प्रियंका ने दांतों से काट लिया है.
मोबाइल छीनने पर प्रियंका ने दांत काट लिया
दरअसल प्रियंका की मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि देख देवकृष्ण ने पूछा कि किससे बात कर रही हो. उसे आशंका थी कि वो अपने जीजी कमलेश से बात कर रही है जिसके प्यार में वो खोई रहती है. उसने फोन छीनने की कोशिश कि तो प्रियंका ने दांत से काट लिया. जब देवकृष्ण के चीखने की आवाज आई तो मां और बहन आ गईं. तब प्रियंका ने चिल्लाकर कहा कि इन्हें क्यों बुला लिया? ये हसबैंड-वाइफ के बीच का मामला है...ये बेडरुम के भीतर की बात है..सभी को इन्वॉल्व क्यों कर रहे हो. ऐसे में देवकृष्ण मां और बहन से जाने को कहता है. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है... एक तरफ देवकृष्ण कमरे में खड़ा है... दूसरी तरफ प्रियंका पलंग पर बैठी है... और काटे जाने के बाद देवकृष्ण अपने हाथ पर दवाई लगाता नजर आ रहा है.
वहीं एक और वीडियो ने इस रिश्ते की सच्चाई को और भी बेनकाब कर दिया. घर में हो रहे विवाद को जब परिवार वाले सबूत के तौर पर कैमरे में कैद करने लगे तो प्रियंका आपा खो बैठी और कैमरा देखकर भड़क उठी. इतना ही नहीं वो धमकी देने लगी, जिससे साफ जाहिर होता है कि घर के अंदर हालात कितने बिगड़ चुके थे. तीसरे वीडियो में हालात और भी साफ नजर आते हैं. वकृष्ण, अपनी कॉलर पकड़े जाने पर प्रियंका से सवाल करता है कि तुम किससे बात कर रही थी और मेरी कॉलर क्यों पकड़ी.
देवकृष्ण का मोबाइल फोन सबसे बड़ा सबूत!
अब इन वीडियो के सामने आने के बाद ये मामला और ज्यादा मजबूत होता जा रहा है कि देवकृष्ण के मोबाइल फोन में आखिर क्या कैद था जिसे प्रियंका ने ठिकाने लगा दिया है. बताया जा रहा है कि उसी फोन में वो सारे राज छिपे थे, जिन्हें देवकृष्ण ने अब तक दुनिया से छुपाकर रखा था. शायद उसे डर था बदनामी का, समाज का और अपने टूटते घर का. परिजनों का कहना है कि देवकृष्ण की मां की रातों की नींद उड़ चुकी है. पुलिस जल्द से जल्द सुपारी किलर को गिरफ्तार करे ताकि परिवार के सांस में सांस आए.
कहानी की परतें खोल रही है पुलिस
इधर पुलिस की जांच भी अब इस केस की परतें खोल रही है. प्रियंका के बयान को जब घटनास्थल के साक्ष्यों से मिलाया गया तो कहानी में कई झोल सामने आए. लूट का जो सीन दिखाया गया वो पूरी तरह से बनावटी नजर आया. घर में सामान बिखरा जरूर था, लेकिन कहानी में बताए गए संघर्ष के निशान कहीं नहीं थे. न कपड़े फटे न शरीर पर खरोंच थे. ऊपर से पुलिस के सामने ये ड्रामा.
फिलहाल... इस पूरी साजिश का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस ने प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस कहानी का एक किरदार अब भी फरार है. वो है सुपारी किलर जो घर में घुसा और काम तमाम करके फरार भी हो गया. जिस तक पहुंचना अब पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है. वारदात को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन हत्यारा अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है और इसी के साथ ये सवाल भी कायम है. आखिर भरोसे के इस कत्ल की पूरी सच्चाई कब सामने आएगी और कब मिलेगा देवकृष्ण को इंसाफ.
ADVERTISEMENT


