मध्य प्रदेश: अनूपपुर में चार मंजिला होटल ढहा, एक की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

मध्य प्रदेश के अनूपपुर में शनिवार शाम चार मंजिला 'अग्रवाल लॉज' गिरने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में एक शख्स की जान चली गई और करीब 7 लोग घायल हुए हैं. पास में चल रही बेसमेंट की खुदाई को हादसे की वजह माना जा रहा है.

MP
MP

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. कोतमा इलाके में बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला 'अग्रवाल लॉज' अचानक गिर गई. इस हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

Read more!

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 5:50 बजे अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई. घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

कई लोगों के दबे होने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं. मलबा हटाने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक के अनुसार, अब तक एक मौत की पुष्टि हुई है और 6 से 7 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

निर्माण कार्य बना हादसे की वजह?

स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल के पास एक पुरानी इमारत को गिराकर नया निर्माण किया जा रहा था. इस दौरान बेसमेंट के लिए गहरी खुदाई की गई थी, जिससे पास की इमारत की नींव कमजोर हो गई.

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण होटल की इमारत एक ओर झुक गई और कुछ ही देर में पूरी तरह ढह गई.

प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. हादसे के पीछे लापरवाही की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

    follow google news