देवास: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी के दौरान ऊंचाई से गिरने से देवास के 35 वर्षीय भारतीय सेना के जवान पवन यादव का निधन हो गया. वे छुट्टी पर घर लौटने वाले थे और परिवार में उनके आने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा गांव पहुंचा.
ADVERTISEMENT
फोन पर हुई थी आखिरी बात
परिजनों के मुताबिक, 17 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे पवन ने अपनी पत्नी शोभा यादव से फोन पर बात की थी और परिवार का हालचाल जाना था. चचेरे भाई चेतन यादव ने बताया कि पवन की छुट्टी कंफर्म हो चुकी थी और वे करीब एक दिन बाद घर पहुंचने वाले थे. लेकिन उसी दिन 17 नवंबर को उधमपुर से उनके निधन की सूचना आ गई. सेना की ओर से सबसे पहले पत्नी शोभा और उसके बाद पिता को जानकारी दी गई.
14 साल से अधिक की सेवा और परिवार का संघर्ष
पवन यादव ने करीब 14 साल 5 महीने भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दीं. उनके परिवार में पत्नी शोभा यादव और दो बेटे—11 वर्षीय हित और 7 वर्षीय सार्थक हैं. दोनों बच्चे देवास के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं और उनकी पढ़ाई के लिए शोभा देवास में रहती हैं. पवन को क्रिकेट खेलने का भी बेहद शौक था और वे आसपास के टूर्नामेंटों में अपनी टीम के साथ खेला करते थे.
पत्नी के बोल और अंतिम संस्कार में विरोध
गुरुवार को जब पवन का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया. इस दौरान पत्नी शोभा यादव ने कहा कि वे आंसू नहीं बहाएंगी, क्योंकि उनके पति शेर थे और शेर की तरह लौटे हैं.
वहीं, अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पवन यादव को शहीद का दर्जा देने, आर्थिक सहायता और अन्य मांगों को लेकर सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर के सामने नाराजगी जताई. संतोषजनक जवाब न मिलने के आरोप में करीब एक घंटे तक विरोध और गहमागहमी का माहौल रहा.
स्मारक व कॉलेज की घोषणा और सियासी बयानबाजी
करीब एक घंटे चले विरोध के बाद विधायक राजेश सोनकर ने पवन यादव के नाम पर कॉलेज का नाम करने, गांव में स्मारक बनवाने और हर संभव मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा कुछ शांत हुआ. हालांकि, बाद में विधायक ने ग्रामीणों के विरोध के पीछे कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया, जिससे मुआवजे और सम्मान को लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई.
ADVERTISEMENT


