बीजेपी के इस पूर्व मंत्री की वजह से हरदा की जिला शिक्षा अधिकारी हुईं निलंबित, मतदान के दिन हुई थी बड़ी भूल

लोमेश कुमार गौर

• 07:53 PM • 18 May 2024

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में चुनाव के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में सेक्टर प्रभारी रहीं जिला शिक्षा अधिकारी पीएम सिंह को नर्मदापुरम संभाग आयुक्त पवन शर्मा ने निलंबित कर दिया है.

Harda News, Kamal Patel
Harda News, Kamal Patel
Google CTA

Harda News: मध्य प्रदेश के हरदा जिले में चुनाव के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में सेक्टर प्रभारी बनी जिला शिक्षा अधिकारी पीएम सिंह को नर्मदापुरम संभाग आयुक्त पवन शर्मा ने निलंबित कर दिया है. मतदान दिनांक 7 मई को हरदा पॉलिटेक्निक कॉलेज के मतदान केंद्र क्रमांक 107 पर हुआ था. जहां पर पूर्व मंत्री कमल पटेल मतदान करने पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ एक नाबालिक बालक भी गया था. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने मामले में कार्रवाई की. पूर्व मंत्री कमल पटेल पर एफआईआर दर्ज हुई थी और अब जिला शिक्षा अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है.

Read more!

जिला शिक्षाधिकारी पीएम सिंह पर आरोप है कि जब पूर्व मंत्री कमल पटेल नाबालिग को लेकर मतदान केंद्र के अंदर गए थे, तब जिला शिक्षा अधिकारी पीएम सिंह वहीं उपस्थित थीं. निलंबन आदेश में लिखा है कि वेबकास्ट पर देखने में पता चला कि इस दौरान तीन अन्य लोग भी फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी करने अंदर पहुंचे थे. संभाग आयुक्त पवन शर्मा ने बताया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी पीएम सिंह को निलंबित कर दिया गया है.

आपको बता दें कि हरदा के पालीटेक्निक कालेज स्थित मतदान केंद्र पर 7 मई को पूर्व मंत्री कमल पटेल, पत्नी और नाबालिग पोते के साथ वोट डालने गए थे. पोते के साथ का फोटो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भी चुनाव आयोग से मामले में शिकायत की थी. इसके बाद बीते दिनों चुनाव आयोग ने कार्रवाई करने की बात कही. जिसके बाद तत्काल हरदा विधानसभा के मतदान केन्द्र क्रमांक 107  की  पीठासीन अधिकारी शर्मीला पाटिल को तत्काल सस्पेंड कर दिया था और अब सेक्टर मजिस्ट्रेट के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

कमल पटेल की हर जगह हुई आलोचना, दर्ज हुई एफआईआर

इस घटना को लेकर पूर्व मंत्री कमल पटेल की हर जगह आलोचना हुई. सोशल मीडिया पर उनकी नाबालिग पोते के साथ फोटो वायरल हुई. उन्होंने न सिर्फ चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन किया बल्कि उन्होंने चुनाव की पूरी गोपनीयता को ही भंग करने का काम किया था. जिसके बाद कांग्रेस पार्टी की शिकायत पर चुनाव आयोग को एक्शन लेना पड़ा और उन्होंने हरदा की कोतवाली थाने में कमल पटेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी.

ये भी पढ़ें- बीजेपी के इस विधायक ने जिले के SP को चमका दिया, बोले "मैं Atom बम हूं, हिलाकर रख दूंगा" जानें पूरा मामला