ग्वालियर की रूबी तो धार की प्रियंका से भी निकली बड़ी ड्रामेंबाज, पर्स गिराकर पति को गोलियों से भुनवा दिया, फिर...

भिंड में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और पुलिस के सामने लूट का नाटक किया. पुलिस ने व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए इस 'खूनी प्रेम कहानी' का पर्दाफाश कर पत्नी और उसके आशिक को जेल भेज दिया है.

भिंड से आया बड़ा मामला
भिंड से आया बड़ा मामला

हेमंत शर्मा

follow google news

प्यार, धोखा और फिर रोंगटे खड़े कर देने वाला कत्ल. मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. धार की चर्चित 'प्रियंका' की तरह ही भिंड की रूबी ने भी अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति नीलेश जाटव की हत्या की खौफनाक साजिश रची और फिर पुलिस के सामने घंटों तक बेगुनाही का 'ड्रामा' करती रही.

Read more!

पर्स गिराने का बहाना और फिर चलीं गोलियां

9 अप्रैल की रात रूबी अपने पति नीलेश और दो मासूम बच्चों के साथ भिंड से अटेर जा रही थी. चंबल के बीहड़ों वाले सुनसान रास्ते पर अचानक रूबी ने अपना पर्स सड़क पर गिरा दिया. जैसे ही नीलेश बाइक रोककर पर्स उठाने के लिए उतरा, पहले से घात लगाए बैठे रूबी के प्रेमी विशाल और उसके साथियों ने नीलेश पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. बच्चों और पत्नी के सामने ही नीलेश ने दम तोड़ दिया.

पुलिस के सामने बेहोश होने का नाटक

वारदात के बाद रूबी ने कहानी गढ़ी कि दो अज्ञात नकाबपोश लुटेरों ने उनके साथ लूटपाट की और पति को गोली मार दी. पुलिस जब मौके पर पहुँची, तो रूबी छाती पीट-पीटकर रोने और बार-बार बेहोश होने का नाटक करने लगी. उसने मासूम बच्चों की कसम खाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन उसकी आंखों के बनावटी आंसू पुलिस की पारखी नजरों से नहीं बच सके.

8 साल का अफेयर और व्हाट्सएप चैट ने खोला राज

भिंड पुलिस ने जब रूबी के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैटिंग खंगाली, तो पूरी कहानी पलट गई. पता चला कि रूबी का अपने जीजा के भाई विशाल जाटव के साथ पिछले 8 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. शादी के बाद भी दोनों का मिलना-जुलना जारी था. जब नीलेश को इस रिश्ते का पता चला और उसने विरोध किया, तो रूबी ने उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया.

मर्डर स्पॉट से लेकर श्मशान तक साथ था प्रेमी

हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद प्रेमी विशाल पुलिस को चकमा देने के लिए नीलेश के घर और श्मशान घाट तक में मौजूद रहा. वह परिवार के साथ मिलकर दुख जताने का नाटक कर रहा था ताकि किसी को शक न हो. लेकिन 48 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद रूबी टूट गई और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया.

पुलिस का एक्शन

एसडीओपी रवि भास्कर के नेतृत्व में पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी रूबी और उसके प्रेमी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोबाइल भी बरामद कर लिए गए हैं. विशाल का एक दोस्त अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.

 

    follow google news