भोपाल में 50 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार, दोनों पर फ्रॉड के कई केस, पंजाब तक फैला है जाल

• 05:41 PM • 21 Nov 2026

भोपाल में 50 करोड़ की कथित ठगी के आरोप में एक साल से फरार संदीप और संगीता ममतानी गिरफ्तार. फर्जी प्रॉपर्टी दस्तावेजों से बैंक लोन लेने के मामले में पुलिस ने मांगी 5 दिन की रिमांड.

Bhopal News
Bhopal News
Google CTA

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लेकर पंजाब तक कथित आर्थिक धोखाधड़ी का जाल फैलाने वाले एक दंपती को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. करीब 50 करोड़ रुपए की कथित ठगी के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे संदीप ममतानी और संगीता ममतानी को अयोध्या नगर पुलिस ने देर रात दबिश देकर दबोच लिया. पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच यह जोड़ी कथित तौर पर 'बंटी-बबली' के नाम से पहचानी जा रही थी.

Read more!

फर्जी दस्तावेजों से बैंक लोन और लग्जरी लाइफस्टाइल 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दंपती पर आरोप है कि वे मकानों और जमीनों के फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और उन्हीं के सहारे बैंकों से करोड़ों रुपए का लोन उठाते थे. आरोप यह भी है कि उन्होंने न केवल बैंकों बल्कि आम लोगों और प्रॉपर्टी डीलरों को भी धोखा दिया. ठगी से मिली रकम से दोनों कथित तौर पर शाही और लग्जरी जीवनशैली जी रहे थे.

दो साल पहले शुरू हुआ था मामला, पंजाब तक जुड़े तार 

इस पूरे प्रकरण की शुरुआत करीब दो साल पहले तब हुई थी, जब प्रॉपर्टी डीलर योगेश सूद ने अयोध्या नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में संदीप और संगीता ममतानी पर फर्जी संपत्ति दस्तावेजों के आधार पर लोन लेकर करोड़ों की धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे.

जांच आगे बढ़ने के साथ ही मामले की गंभीरता सामने आई. शिकायतकर्ता के दावे के अनुसार, दंपती के खिलाफ भोपाल के छह से अधिक थानों में प्रकरण दर्ज हैं. इनमें अयोध्या नगर और चूना भट्टी थानों के अलावा आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और क्राइम ब्रांच में दर्ज मामले भी शामिल हैं. इसके अलावा, आरोपियों के खिलाफ पंजाब में भी एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जिससे इस मामले का दायरा अंतरराज्यीय हो गया है.

15 अस्थाई वारंट और 5 दिन की रिमांड की मांग 

कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए दोनों आरोपी लंबे समय तक फरार रहे. जिला न्यायालय द्वारा उनके खिलाफ करीब 15 अस्थाई वारंट भी जारी किए जा चुके थे, लेकिन सटीक जानकारी के अभाव में पुलिस उन तक नहीं पहुंच पा रही थी. आखिरकार शिकायतकर्ता से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने न्यायालय से दोनों आरोपियों की पांच दिन की पुलिस रिमांड मांगी है. रिमांड अवधि में दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी, ताकि फर्जी दस्तावेज बनाने से लेकर लोन स्वीकृत कराने तक की पूरी प्रक्रिया और संभावित नेटवर्क का खुलासा हो सके. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस कथित धोखाधड़ी में केवल यह दंपती शामिल था या कोई संगठित गिरोह भी पर्दे के पीछे काम कर रहा था.

भोपाल: खुद को अधिकारी बताकर सरकारी बंगला और कमांडो सुरक्षा लेने वाला अमित तिवारी कौन है? जानें कैसे खुला उसका फर्जीवाड़ा