भोपाल : भोपाल के ऐशबाग इलाके में सोमवार सुबह से ही प्रशासन का बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान चला. मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की संयुक्त टीम ने करीब 600 जर्जर EWS क्वार्टरों को जमींदोज कर दिया. इस बड़ी कार्रवाई को देखते हुए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. वहीं, इस कार्रवाई को लेकर सियासत भी गरमा गई है और कांग्रेस ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
ADVERTISEMENT
40 जेसीबी और 1,000 पुलिसकर्मी तैनात
सुबह से ही ऐशबाग क्षेत्र में भारी गहमागहमी का माहौल रहा. हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की टीम ने करीब 40 जेसीबी और 10 पोकलेन मशीनों की मदद से पुराने क्वार्टरों को गिराने की कार्रवाई की. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके की बैरिकेडिंग की गई और मौके पर करीब एक हजार पुलिस जवानों को तैनात किया गया.
प्रशासन का पक्ष और पुनर्विकास योजना
प्रशासन के अनुसार, ये क्वार्टर 40 से 50 साल पुराने थे और इन्हें रहने के लिए बेहद खतरनाक व जर्जर घोषित किया जा चुका था. अधिकारियों का कहना है कि रहवासियों को पिछले दस वर्षों से मकान खाली करने के नोटिस दिए जा रहे थे. प्रशासन का दावा है कि अधिकतर कब्जाधारियों के पास वैध रजिस्ट्री के दस्तावेज नहीं हैं. हाउसिंग बोर्ड की योजना के मुताबिक, इस जमीन पर नई बहुमंजिला इमारतें बनाई जाएंगी, जिनमें 110 वैध मूल आवंटियों को 20 प्रतिशत बड़े नए फ्लैट और निर्माण अवधि के दौरान किराया दिया जाएगा.
3,000 लोग प्रभावित, हाईकोर्ट से आंशिक राहत
इस कार्रवाई से करीब 3,000 स्थानीय लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें ठंड के मौसम में बेघर किया जा रहा है और उनकी मांग है कि पहले मकान के बदले मकान दिया जाए. इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सामूहिक रोक लगाने से इनकार कर दिया. हालांकि, क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान की याचिका पर किराए के मुआवजे का मामला तय होने तक 25 नवंबर तक अंतरिम राहत दी गई है.
कांग्रेस का विरोध और सियासी बयानबाजी
कार्रवाई के विरोध में जा रहे नरेला विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व उम्मीदवार मनोज शुक्ला को पुलिस ने रास्ते में ही हिरासत में ले लिया. पुलिस उन्हें और अन्य कार्यकर्ताओं को अशोका गार्डन थाने ले गई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ऐशबाग में मुस्लिम आबादी की रिहाइश होने के कारण जानबूझकर बुलडोज़र चलाया जा रहा है और यह वोट काटने की साजिश है.
प्रशासन जहां सुरक्षा और नियमों का हवाला दे रहा है, वहीं बेघर होते परिवारों की परेशानी और विपक्ष के आरोपों के बीच अब सभी की नजरें विस्थापित लोगों के पुनर्वास पर टिकी हैं.
ADVERTISEMENT


