MP: चीखती रही पत्नी, बचाने दौड़ी बहन... सनकी जीजा की इस हैवानियत को देख कांप उठेगा कलेजा

भोपाल के शंकर नगर में आपसी विवाद के बाद एक सनकी पति ने अपनी पत्नी पर बीच सड़क ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान बीच-बचाव करने आई पीड़िता की बड़ी बहन (साली) पर भी आरोपी ने वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.

मध्यप्रदेश का ये मामला हैरान कर देगा
मध्यप्रदेश का ये मामला हैरान कर देगा

गौरव जगताप

follow google news

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना इलाके के शंकर नगर से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ आपसी विवाद के चलते एक सनकी पति ने बीच सड़क पर अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान जब बड़ी बहन (साली) अपनी छोटी बहन को बचाने के लिए आगे आई, तो सिरफिरे आरोपी ने उस पर भी हमला कर लहूलुहान कर दिया. यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

घर से लेकर सड़क तक मची चीख-पुकार

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति की पहचान अक्षय चंदेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सागर का रहने वाला है. अक्षय और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी और दोनों अलग-अलग रह रहे थे. हालांकि, कानूनी तौर पर अभी उनका तलाक नहीं हुआ था. घटना के दिन अक्षय अपनी पत्नी से मिलने भोपाल के छोला मंदिर इलाके में आया था.

घर के अंदर बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखी ब्लेड/धारदार हथियार से पत्नी के चेहरे और शरीर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. जान बचाने के लिए पीड़िता घर से बाहर सड़क की तरफ दौड़ी, लेकिन आरोपी ने बीच सड़क पर उसे दबोच लिया और लगातार हमले करता रहा.

बचाने आई साली को भी नहीं बख्शा

सड़क पर मची चीख-पुकार सुनकर पीड़िता की बड़ी बहन अपनी बहन को बचाने के लिए दौड़कर आई. उसने हमलावर जीजा को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन सनकी आरोपी ने उस पर भी बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई.

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बीच सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल है और दोनों बहनें खुद को बचाने के लिए संघर्ष कर रही हैं. शोर सुनकर जब आसपास के स्थानीय लोग मौके की तरफ दौड़े, तो भीड़ को आता देख आरोपी घबरा गया और वहां से भाग निकला.

अस्पताल में भर्ती हैं दोनों बहनें

घटना की सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और खून से लथपथ दोनों बहनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी अक्षय चंदेल के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम को सागर भेजा गया है. जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

 

    follow google news