Bhopal Crime: भोपाल में इमरान कर रहा था बहन को परेशान फिर अमन बीच में आया और कांड हो गया, रोंगटे खड़े कर देगा CCTV फुटेज

Bhopal Crime: भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र में भाई-बहन के आपसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करना दुकान के पार्टनर अमन कुरैशी को भारी पड़ गया.

भोपाल में आया रोगंटे खड़े करने वाला मामला
भोपाल में आया रोगंटे खड़े करने वाला मामला

गौरव जगताप

follow google news

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां के नदीम रोड इलाके में भाई-बहन के बीच चल रहे एक मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब बीच-बचाव करने आए एक कपड़ा व्यापारी पर आरोपी ने सरेराह चाकू से हमला कर दिया. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, फरियादी अमन कुरैशी नदीम रोड पर 'अमन कलेक्शन' के नाम से बच्चों के कपड़ों की दुकान चलाते हैं. इस दुकान में उनके साथ बेबी मुस्तफा नाम की एक महिला पार्टनर हैं. रात करीब 8:15 बजे अमन अपनी पार्टनर के साथ दुकान पर मौजूद थे, तभी बेबी मुस्तफा का भाई इमरान वहां आ धमका.

इमरान अपनी बहन से पैसों की मांग कर रहा था. बताया जा रहा है कि इमरान का ऑटो खराब हो गया था और वह कथित तौर पर शराब के नशे में था. जब बहन ने पैसे देने से इनकार किया, तो इमरान उसके साथ बदतमीजी और मारपीट करने लगा.

'भाई-बहन के बीच में बोला तो जान से मार दूंगा'

दुकान के अंदर महिला पार्टनर को परेशान होता देख अमन कुरैशी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. उन्होंने इमरान से कहा, "भाई, क्यों अपनी बहन को परेशान कर रहे हो?" बस इतनी सी बात सुनते ही इमरान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. वह मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगा और विरोध करने पर उसने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया.

इमरान ने जान से मारने की नीयत से सीधे अमन के गले पर चाकू से वार कर दिया. गनीमत यह रही कि अमन ने समय रहते फुर्ती दिखाई और तुरंत पीछे हट गए, जिससे चाकू का गहरा घाव लगने से वह बाल-बाल बच गए. दुकान में मची चीख-पुकार सुनकर पास की दुकान में काम करने वाला सैफ नाम का युवक और आरोपी की बहन ने मिलकर इमरान को पकड़ा, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला. जाते-जाते उसने धमकी दी, "अगर आइंदा हमारे बीच में बोला, तो जान से मार दूंगा."

पुलिस कर रही है आरोपी की तलाश

कोतवाली थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित अमन कुरैशी की शिकायत पर आरोपी इमरान के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने दुकान का सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिया है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर हमला करता हुआ नजर आ रहा है. हालांकि, घटना के बाद आरोपी की बहन ने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की थी, लेकिन वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है.

 

    follow google news