राजधानी भोपाल के गांधीनगर इलाके में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पीजी डॉक्टर ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड के घर पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. आरोपी डॉक्टर ने पहले अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड को गोली मारी, फिर बीच-बचाव करने आए उसके भाई पर भी फायर कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी जिंदगी की जंग जारी है.
ADVERTISEMENT
सगाई तय होने से परेशान चल रहा था डॉक्टर
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी पीजी डॉक्टर नवीन रोहिला और पीड़िता डॉक्टर श्वेता ठाकुर एक ही कॉलेज में साथ पढ़ते थे. दोनों पिछले 7 सालों से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे. हालांकि, हाल ही में डॉक्टर श्वेता की सगाई किसी अन्य व्यक्ति से तय हो गई थी. सगाई की खबर मिलने के बाद से ही डॉक्टर नवीन काफी तनाव और परेशानी में चल रहा था और दोनों के बीच बातचीत काफी कम हो गई थी.
फिल्म देखी, मां से बात की और फिर रात 11:30 बजे रचा खूनी खेल
घटना वाले दिन की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने से कुछ देर पहले तक आरोपी नवीन काफी सामान्य बर्ताव कर रहा था.वह अपने दोस्तों के साथ सिनेमाघर में फिल्म देखने गया था.फिल्म देखने के बाद उसने अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात की.उसने अपनी छोटी भतीजी के लिए ऑनलाइन खिलौना भी ऑर्डर किया था.यह सब करने के बाद रात करीब 11:30 बजे नवीन सीधे गांधीनगर स्थित डॉक्टर श्वेता के घर पहुंचा. वहां दोनों के बीच सगाई और रिश्ते को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई.
एक के बाद एक दागीं 3 गोलियां
विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुके डाक्टर नवीन ने जेब से पिस्टल निकाली और एक के बाद एक तीन राउंड फायरिंग कर दी.पहली गोली सीधे डॉक्टर श्वेता की कनपटी के पास लगी.दूसरी गोली बहन को बचाने दौड़े भाई अभिषेक ठाकुर को लगी.तीसरी गोली वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी लहूलुहान कर लिया.फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. श्वेता और उनके भाई अभिषेक मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, हर एंगल से जांच जारी
वारदात के बाद आरोपी डॉक्टर नवीन मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन समय पर पहुंची गांधी नगर थाना पुलिस ने उसे दबोच लिया. गंभीर हालत के कारण आरोपी को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग और सगाई तय होने से उपजा विवाद ही मुख्य कारण सामने आया है. पुलिस अवैध पिस्टल की बरामदगी के साथ यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और उस रात विवाद किस हद तक बढ़ा था.
ADVERTISEMENT


