भोपाल में शादी से पहले दूल्हा गिरफ्तार, दुल्हन बोली – थानेदार साहब..कस्टडी में ही करा दो फेरे

भोपाल में एक शातिर हनीट्रैप गैंग के सरगना आकाश को पुलिस ने उसकी शादी की रस्मों के बीच मंडप से गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसकी होने वाली दुल्हन हल्दी और मेहंदी लगे हाथों के साथ थाने पहुंची और पुलिस से गुहार लगाई कि या तो दूल्हे को दो घंटे के लिए छोड़ दें या कस्टडी में ही उनके फेरे करवा दें.

bhopal
bhopal

धर्मेंद्र साहू

follow google news

Bhopal honeytrap gang: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक फिल्मी और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक दूल्हे की बारात निकलने ही वाली थी कि उससे पहले पुलिस पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया. यह दूल्हा कोई साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि शहर के एक खतरनाक हनीट्रैप गैंग का सरगना निकला.

Read more!

हल्दी लगे चेहरे के साथ थाने पहुंची दुल्हन

जैसे ही दूल्हे आकाश नीलकंठ उर्फ 'भूरा हड्डी' की गिरफ्तारी हुई, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. दुल्हन सीमा के हाथों में मेहंदी रची थी और चेहरे पर हल्दी लगी थी, वह भागते हुए कोहेफिजा थाने पहुंची.

उसने पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर विनती की, "साहब, मेरी क्या गलती है? मुझे उसके अपराधों के बारे में कुछ नहीं पता था. घर पर मेहमान आए हैं, बदनामी हो जाएगी. बस दो घंटे के लिए उसे छोड़ दीजिए या फिर कस्टडी में ही हमारे फेरे करवा दीजिए."

दुल्हन के वकील ने कोर्ट में भी शादी की रस्मों के लिए समय मांगा, लेकिन गंभीर अपराधों को देखते हुए अदालत ने राहत देने से इनकार कर दिया.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस को सूचना मिली थी कि भोपाल में 'ILLEGAL गैंग' नाम का एक संगठित गिरोह सक्रिय है. यह गैंग रईस लोगों और सीधे-साधे व्यक्तियों को लड़कियों के जरिए हनीट्रैप में फंसाता था. गैंग के सदस्य शिकार को बंधक बनाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो शूट करते और फिर केस दर्ज कराने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलते थे.

हाल ही में इस गैंग ने एक पुजारी को अपना निशाना बनाया था. पुजारी को बंधक बनाकर उनसे 8 लाख रुपये की मांग की गई थी. पुजारी की शिकायत पर जब पुलिस ने जांच शुरू की तो इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ.

शादी के खर्च के लिए बुना था जाल

पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी आकाश की 12 मार्च को शादी थी. शादी के आलीशान खर्चों को पूरा करने के लिए उसने पुजारी को लूटने का प्लान बनाया था. आकाश पर पहले से ही हत्या और लूट जैसे 31 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं.

पुलिस ने इस मामले में आकाश समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें रामजी ठाकुर, अभिषेक उपाध्याय और नीरज खान जैसे नाम शामिल हैं. फिलहाल पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है.

    follow google news