मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. शहर के पिपलानी इलाके के एक होटल में एक पत्नी ने अपने ही पति पर जानलेवा हमला कर दिया. इस पूरी घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पीड़ित पति ने हमले की आशंका के चलते पहले ही कमरे में मोबाइल का कैमरा ऑन कर दिया था, जिससे हमले की लाइव तस्वीरें कैद हो गईं. जानिए पूरा विवाद.
ADVERTISEMENT
होटल कोमल पैलेस में खूनी विवाद
यह पूरी घटना भोपाल के आनंद नगर स्थित 'होटल कोमल पैलेस' की है. पीड़ित पति ललित, जो पुणे की एक आईटी कंपनी में काम करता है, अपनी पत्नी दयानंदनी से मिलने भोपाल आया था. दयानंदनी शाजापुर जिला अस्पताल में नर्स के पद पर तैनात है. ललित का आरोप है कि 7 मार्च को जब वे होटल में मिले, तो रात में खाने को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया. ललित के मुताबिक, विवाद के बाद वह सो गया, लेकिन सुबह जब उसकी आंख खुली तो मंजर बेहद डरावना था.
सोते हुए पति के पेट पर ब्लेड से वार
ललित ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 5 बजे दयानंदनी उसके सीने पर बैठी हुई थी और उसके पेट पर ब्लेड से हमला कर रही थी. वीडियो फुटेज में भी महिला को डंडे जैसे किसी सामान से हमला करते हुए देखा जा सकता है, जबकि पति खुद को बचाने की जद्दोजहद कर रहा है. गंभीर रूप से घायल ललित को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
मोबाइल कैमरे ने खोल दी पोल
होटल के कमरे के भीतर की यह वारदात ललित के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई. दरअसल, शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार विवाद और मारपीट हो रही थी. ललित को अंदेशा था कि भोपाल में मुलाकात के दौरान फिर से विवाद हो सकता है, इसलिए कमरे में घुसते ही उसने चतुराई से अपना मोबाइल कैमरा ऑन करके एक जगह छिपा दिया था. इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.
फेसबुक फ्रेंडशिप से रेप केस और शादी तक का सफर
इस रिश्ते की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक से हुई थी. दोनों की दोस्ती प्यार में बदली, लेकिन शादी की बात पर विवाद खड़ा हो गया. दावा किया जा रहा है कि जब ललित ने शादी से इनकार किया, तो दयानंदनी ने उसके खिलाफ रेप का मामला दर्ज करा दिया था. बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और 17 मई 2025 को आर्य समाज मंदिर में दोनों ने शादी कर ली। हालांकि, शादी के बाद भी कड़वाहट कम नहीं हुई और अब मामला थाने तक पहुंच गया है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पिपलानी थाना पुलिस को अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पति द्वारा दिए गए वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है और पीड़ित के बयान लिए जा रहे हैं. फिलहाल आरोपी पत्नी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है. डॉक्टर की रिपोर्ट आने के बाद चोट की गंभीरता के आधार पर मामले में और भी सख्त धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

