Bhopal Husband Wife Fight Momos Stall Viral Video: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 'पति, पत्नी और वो' का एक अजीबोगरीब और हाई-वोल्टेज ड्रामे का मामला सामने आया है. भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में नाइट ड्यूटी पर निकले पति ने जब अपनी पत्नी को एक मोमोज के ठेले पर किसी अन्य युवक के साथ देखा, तो बीच सड़क पर ही हंगामा शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट और हाथापाई शुरू हो गई. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
मोमोज के ठेले पर संयोग से आमने-सामने आए पति-पत्नी
घटना अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के मंडी चौराहे के पास स्थित एक मोमोज ठेले की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, पति अपनी नाइट ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकला था. इसी दौरान उसकी पत्नी अपने एक कथित दोस्त के साथ मोमोज खाने उसी ठेले पर पहुंच गई. संयोग ऐसा बना कि पति भी अपने दोस्त के साथ उसी समय मोमोज खाने वहां पहुंच गया. पत्नी को किसी दूसरे युवक के साथ देखकर पति का गुस्सा फूट पड़ा और उसने तुरंत सवाल-जवाब शुरू कर दिए.
बीच सड़क पर शुरू हुई मारपीट, वीडियो हुआ वायरल
पति के विरोध करने पर बहस बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. वायरल वीडियो में पति, पत्नी और उनके साथ मौजूद लोग एक-दूसरे से भिड़ते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं. मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हंगामा काफी देर तक चलता रहा. आसपास जमा हुए लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है.
पुलिस की प्रतिक्रिया: किसी पक्ष ने नहीं दर्ज कराई शिकायत
मामले में अशोका गार्डन थाना पुलिस और एडिशनल डीसीपी अनिल शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है. पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आसपास के लोगों ने इसे पारिवारिक विवाद बताया है. फिलहाल, न तो पति-पत्नी की ओर से और न ही किसी अन्य पक्ष की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस का कहना है कि यदि कोई शिकायत मिलती है, तो मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: इंदौर: 2015 में हुआ था कृष्णा का कत्ल, अब 11 साल बाद आरोपी ने खुद खोल दिया वारदात का राज, जानें पूरा मामला
ADVERTISEMENT


