भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र माने जाने वाले 'विधायक विश्राम गृह' (MLA Rest House) की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. उज्जैन जिले की महिदपुर सीट से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन 'बोस' के आवंटित कमरे में अनधिकृत रूप से एक युवक और युवती के पाए जाने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली से लौटे विधायक के उड़ गए होश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना विधायक विश्राम गृह के ब्लॉक-3 की है. 2 नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे जब विधायक दिनेश जैन 'बोस' दिल्ली प्रवास से लौटकर अपने आवंटित कमरा नंबर 14-15 पहुंचे, तो रिसेप्शन पर केयरटेकर के पास कमरा नंबर 15 की चाबी मौजूद नहीं थी.
केयरटेकर ने विधायक को केवल कमरा नंबर 14 की चाबी दी. जैसे ही विधायक अपने कक्ष के पास पहुंचे, उन्होंने बगल के कमरा नंबर 15 से एक युवक और युवती को बेहद आपत्तिजनक हालत में बाहर निकलते देखा. विधायक को अचानक सामने पाकर दोनों घबरा गए और तुरंत वहां से भाग निकले.
सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल
नियमों के अनुसार, जब कोई विधायक भोपाल में मौजूद नहीं होता, तो उनके कमरों की चाबियां मुख्य काउंटर पर केयरटेकर के पास सुरक्षित जमा रहती हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि:
- बिना किसी लिखित अनुमति या विधायक की जानकारी के बाहरी लोगों को कमरे की एंट्री कैसे मिली?
- क्या केयरटेकर या सफाई स्टाफ की मिलीभगत से विधायकों के कमरों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है?
- सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बावजूद अनधिकृत लोग वीआईपी परिसर में कैसे दाखिल हुए?
विधानसभा सचिव को पत्र, PWD करेगी जांच
इस गंभीर लापरवाही और सुरक्षा में सेंध से नाराज विधायक दिनेश जैन ने तुरंत मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विधानसभा Secretariat ने जांच का जिम्मा लोक निर्माण विभाग (PWD) को सौंपा है. विधानसभा के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) महावीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि PWD द्वारा पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है.
PWD अधिकारियों के मुताबिक, कक्ष क्रमांक 13, 14 और 15 में घटे इस घटनाक्रम से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी रजिस्टर की जांच की जा रही है. इस लापरवाही में जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


