MP: पीएम मोदी ने कल ही की थी तेल बचाने की अपील, आज ही 200 गाड़ियों का काफिला लेकर निकल पड़े BJP नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश से तेल बचाने की अपील के अगले ही दिन, बीजेपी नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर 200 गाड़ियों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे. इस 'शक्ति प्रदर्शन' के कारण सड़कों पर भारी जाम लगा, जिसे लेकर विपक्ष ने पीएम की अपील और पार्टी के विरोधाभास पर तीखा तंज कसा है.

मध्य प्रदेश में निकली 200 गाड़ियों की रैली
मध्य प्रदेश में निकली 200 गाड़ियों की रैली

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश में एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता से पेट्रोल-डीजल बचाने और सादगी अपनाने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेता इस अपील की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं. ताजा मामला राजधानी भोपाल का है, जहां बीजेपी नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर के शक्ति प्रदर्शन ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है.

Read more!

200 से ज्यादा गाड़ियों का लंबा काफिला

मध्य प्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर जब पदभार ग्रहण करने उज्जैन से भोपाल पहुंचे, तो उनके साथ 200 से अधिक गाड़ियों का हुजूम था. सड़क पर गाड़ियों का यह लंबा रेला देखकर हर कोई हैरान रह गया. भोपाल पहुंचने के बाद उन्होंने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया. इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी भी मौजूद रहे.

सड़कों पर लगा जाम, वीडियो वायरल

नेताओं के इस 'शाही' काफिले की वजह से कई जगहों पर आम जनता को भारी जाम का सामना करना पड़ा. सोशल मीडिया पर इस काफिले के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें गाड़ियों की लंबी कतार देखी जा सकती है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सादगी और बचत के नियम सिर्फ आम आदमी के लिए हैं?

उमंग सिंघार का तंज

इस मामले को लेकर विपक्ष हमलावर हो गया है. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर बीजेपी पर तीखा तंज कसते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री की अपील पेट्रोल बचाने की थी, कार्यकर्ताओं ने शायद पेट्रोल जलाने की सुन ली. प्रधानमंत्री देश से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील करते हैं और उनकी ही पार्टी के नेता सैकड़ों गाड़ियों का काफिला निकालते हैं. आखिर जनता क्या समझे? क्या प्रधानमंत्री सिर्फ भाषण दे रहे हैं या उनकी पार्टी उन्हें गंभीरता से नहीं लेती?"

PM मोदी ने की थी तेल बचाने की अपील

गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से वैश्विक संकट को देखते हुए पेट्रोल-डीजल का संयम से इस्तेमाल करने की अपील की थी. उन्होंने लोगों को मेट्रो का उपयोग करने और कार पूलिंग अपनाने की सलाह दी थी. लेकिन भोपाल में बीजेपी नेता के इस शक्ति प्रदर्शन ने पीएम की उस अपील पर ही सवालिया निशान लगा दिए हैं.

पीएम ने क्या और क्यों की थी अपील 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 24 घंटों में दो बार देशवासियों से तेल बचाने की अपील की है. पहले उन्होंने रविवार को हैदराबाद में यह बात कही और फिर सोमवार को गुजरात दौरे के दौरान वडोदरा में सरदार धाम हॉस्टल के उद्घाटन पर लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया. हालांकि, भारत सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक है. हमारे पास लगभग 60 दिनों का कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस तथा 45 दिनों की एलपीजी (LPG) मौजूद है। देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन फिर भी सरकार ने बचत की अपील की है। 703 अरब डॉलर से अधिक का विदेशी मुद्रा भंडार हमारी ऊर्जा सुरक्षा को पक्का करता है और यह स्टॉक दुनिया में चल रहे तनाव या सप्लाई चेन की दिक्कतों के बीच भी देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी है.

 

    follow google news