नई दिल्ली/भोपाल: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने केंद्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए मध्य प्रदेश से आने वाले आशीष ऊषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया विभाग की कमान सौंप दी है. आशीष अग्रवाल को पार्टी का नया राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महज 37 दिन पहले यानी 17 अगस्त 2026 को उन्हें राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी. अब 23 सितंबर 2026 को जारी नई नियुक्तियों के तहत उन्होंने पूरे मीडिया विभाग का प्रभार संभाल लिया है. आशीष अग्रवाल ने यह पद उत्तराखंड के सांसद अनिल बलूनी का स्थान लिया है, जिन्हें अब पार्टी के 'संवहन विभाग' के समन्वयक की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है . इसके साथ ही बीजेपी ने राज्यों के प्रभारियों में भी बड़ा बदलाव किया है. त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब को मध्य प्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है.
ADVERTISEMENT
राष्ट्रीय राजनीति में मध्य प्रदेश का बढ़ता 'दबदबा'
मीडिया विभाग का शीर्ष पद मध्य प्रदेश के नेता को मिलना यह स्पष्ट संकेत देता है कि हाईकमान राज्य के संगठनात्मक मॉडल पर गहरा भरोसा जता रहा है. उत्तर प्रदेश के बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी और प्रमुख पदों पर सबसे अधिक प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश के नेताओं का ही नजर आ रहा है. ग्वालियर से निकलकर दिल्ली तक का यह सफर आशीष अग्रवाल की संगठन पर मजबूत पकड़ और बेहतर कार्यशैली को दर्शाता है.
ICICI बैंक से लेकर BJP के राष्ट्रीय मंच तक का सफर
आशीष अग्रवाल का प्रोफाइल किसी पारंपरिक राजनेता से काफी अलग है. उनके पास कॉरपोरेट और प्रबंधन का गहरा अनुभव है.
शैक्षणिक योग्यता: ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी से B.Com और MA (सोशल वर्क एंड एक्सटेंशन एजुकेशन) करने के बाद उन्होंने MBA की डिग्री हासिल की.
कॉरपोरेट अनुभव: राजनीति में पूर्ण रूप से आने से पहले उन्होंने 2003 से 2010 के बीच ICICI बैंक और उसके समूह में काम किया. कॉरपोरेट सेक्टर के इस मैनेजमेंट, टीमवर्क और मीडिया संवाद अनुभव का लाभ उन्हें आगे चलकर राजनीतिक मीडिया प्रबंधन में मिला.
राजनीतिक शुरुआत: 2010 से वे ग्वालियर में भाजपा की जमीनी गतिविधियों से जुड़े. छात्र जीवन से ही सामाजिक और सांस्कृतिक अभियानों में सक्रिय रहने वाले आशीष अग्रवाल ने ग्वालियर को अपनी 'जन्मभूमि और कर्मभूमि' बताया है.
बीजेपी संगठन में लगातार बढ़ती जिम्मेदारियों का क्रम
आशीष अग्रवाल ने मध्य प्रदेश बीजेपी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ मीडिया रणनीति पर जमीनी काम किया है.
- 2010 से: ग्वालियर में भाजपा की सांगठनिक गतिविधियों में सक्रिय.
- 17 अगस्त 2017 – 13 अगस्त 2021: मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट.
- 14 अगस्त 2021 – 29 अप्रैल 2023: मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता.
- 29 अप्रैल 2023 – 2026: मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी (2023 विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव में मीडिया प्रबंधन की कमान संभाली).
- 17 अगस्त 2026: भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक (राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में).
- 23 सितंबर 2026: भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नियुक्त.
राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने पर आशीष अग्रवाल ने कहा कि भाजपा और संघ से उनका पारिवारिक वैचारिक जुड़ाव रहा है और पार्टी द्वारा दी गई हर जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही उनकी प्राथमिकता है.
ADVERTISEMENT


