चंबल: मध्य प्रदेश की पुलिस जिस इनामी डकैत की तलाश में चंबल के चप्पे-चप्पे पर दबिश दे रही है, उस 75 हजार रुपये के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर से चंबल के बीहड़ों में सीधा साक्षात्कार हुआ है. कई संगीन मामलों में वांछित डकैत कल्ली गुर्जर ने खुद पर लगे तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है. कल्ली गुर्जर ने साफ कहा कि यदि उसके और उसके परिवार के खिलाफ दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो वह पुलिस के सामने आत्मसमर्पण (Surrender) करने के लिए तैयार है .
ADVERTISEMENT
'मैं तो एक साधारण ट्रक ड्राइवर था, रंजिश ने बना दिया बागी'
इंटरव्यू के दौरान कल्ली गुर्जर ने अपनी पुरानी जिंदगी का जिक्र करते हुए कहा कि वह कभी कोई अपराधी या डकैत नहीं बनना चाहता था. उसने दावा किया, "मैं तो एक साधारण इंसान था, जो ट्रक चलाता था और अपनी ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था. गाँव की पुरानी रंजिश और विरोधी पक्ष की झूठी शिकायतों के चलते साल 2020 में उस पर हत्या का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया गया. कल्ली का आरोप है कि गाँव की पंचायत में 25 लाख रुपये देने के बाद भी विरोधी पक्ष ने झूठी गवाही दी और पुलिस ने उसके निर्दोष परिजनों को फंसाना शुरू कर दिया. 'आम जनता को कभी नहीं सताया, न डकैती की न चोरी' अपने ऊपर लगे अपहरण, लूट और रंगदारी के मुकदमों पर सफाई देते हुए कल्ली गुर्जर ने कहा, "चंबल में किसी भी गाँव वाले से पूछ लो, मैंने कभी किसी गरीब का पानी तक नहीं छीना. डांग में जो भी भैंस चोरी या वारदात होती है, विरोधी लोग मेरा नाम लगा देते हैं. मैं भीख मांग लूँगा लेकिन चोरी-लूट जैसा गंदा काम कभी नहीं करूँगा. मेरे ऊपर दर्ज 8 से 10 मुकदमे पूरी तरह फर्जी और षड्यंत्र का हिस्सा हैं.
पुलिस प्रशासन पर परिजनों को प्रताड़ित करने का आरोप
कल्ली गुर्जर ने आरोप लगाया कि पुलिस उसे पकड़ने में नाकाम रहने पर उसके मासूम रिश्तेदारों, बुआ-बहनों और भाइयों को टारगेट कर रही है. उसने कहा कि उसके पिता और भाई पुलिस के मददगार रहे हैं, फिर भी पुलिस ने उनके घर तुड़वा दिए और रिश्तेदारों को बेवजह जेलों में बंद किया हुआ है. कल्ली ने चेतावनी देते हुए कहा,मुझे टारगेट करो, मार दो, कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन मेरे रिश्तेदारों का क्या कसूर है? जो मेरी मुखबरी करेगा, उसे मैं बख्शूँगा नहीं .
CM मोहन यादव से गुहार, निष्पक्ष जांच हो तो चौराहे पर गोली खा लूँगा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपील करते हुए कल्ली गुर्जर ने कहा, "मेरी मुख्यमंत्री जी से हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि मेरे और मेरे परिवार पर दर्ज मामलों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए. अगर जांच में मैं या मेरा परिवार दोषी पाया जाता है, तो मुझे बीच चौराहे पर खड़ा करके गोली मार दो या फांसी पर लटका दो. लेकिन जब तक मेरे निर्दोष भाइयों और परिजनों को रिहा नहीं किया जाता, मैं सामने नहीं आऊँगा.
राजस्थान सरकार को भी दी चेतावनी
इंटरव्यू के अंत में कल्ली गुर्जर ने राजस्थान की जेल में मृत डकैत जगन गुर्जर की मौत का मुद्दा भी उठाया. उसने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जगन गुर्जर की मौत की सीबीआई जांच (CBI Probe) की मांग की और कहा कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो इसका बदला लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT


