दिमनी में मचता रहा बवाल और केंद्रीय मंत्री तोमर ग्वालियर में दोस्तों संग लेते रहे चाय की चुस्कियां

सर्वेश पुरोहित

17 Nov 2023 (अपडेटेड: Nov 17 2023 11:37 AM)

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का पैतृक निवास ग्वालियर के मुरार उपनगर में है और उसके पास स्थित एक चौराहे पर वे आराम से बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चाय पीते देखे गए. जबकि दिमनी विधानसभा सीट पर सुबह से हंगामा मचा हुआ है

Dimani Assembly Seat, MP Election 2023, Narendra Singh Tomar, Union Minister Narendra Singh Tomar, Dimani Controversy
Dimani Assembly Seat, MP Election 2023, Narendra Singh Tomar, Union Minister Narendra Singh Tomar, Dimani Controversy
Google CTA

MP Election 2023: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग लगातार जारी है और इसके बीच चंबल अंचल में हिंसा की घटनाओं की सूचना भी लगातार सामने आ रही है. केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना की दिमनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और इस बीच दिमनी विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे से ही जमकर हंगामा हो रहा है. इन सबके बीच दिमनी से दूर ग्वालियर शहर में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर चौराहे पर चाय की चुस्कियां लेते हुए रिलेक्स मूड में दिखाई दिए.

Read more!

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का पैतृक निवास ग्वालियर के मुरार उपनगर में है और उसके पास स्थित एक चौराहे पर वे आराम से बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चाय पीते देखे गए. जबकि जिस दिमनी विधानसभा सीट पर सुबह से हंगामा मचा हुआ है, वहां पर बसपा उम्मीदवार बलबीर दंडोतिया लगातार बीजेपी पर उनके चुनाव को प्रभावित करने और चुनाव में बैठने का दबाव बनाने के आरोप लगा रहे हैं.

केंद्रीय मंत्री तोमर ने एमपी तक से बातचीत में कहा कि दिमनी में स्थानीय जनता आराम से मतदान कर रही है और बंपर मतदान कर रही है. बीजेपी हर हाल में हर सीट से जीत रही है. दिमनी में बसपा उम्मीदवार जरूर कुछ आरोप लगा रहे हैं और ग्राउंड पर कुछ हलचल करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन पुलिस-प्रशासन अपना काम ठीक से कर रहा है.

रिलैक्स मूड में तोमर, देखें वीडियो

Loading the player...

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि उनकी राजनीति की शुरूआत मुरार के चौराहे से ही हुई थी और कभी-कभी वे यहां आकर बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ कुछ समय बिताते हैं. बाकी दिमनी में कौन क्या आरोप लगा रहा है या अन्य सीटों पर कांग्रेस क्या बोल रही है, उससे कोई मतलब नहीं है. बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है.

कमलनाथ और नकुलनाथ सपने देखें- नरेंद्र सिंह तोमर

नरेंद्र सिंह तोमर ने यह भी बताया कि जिस तरह से नकुलनाथ ऐलान करते दिख रहे हैं कि 7 दिसंबर को कमलनाथ सीएम पद की शपथ ले रहे हैं तो इसे लेकर सिर्फ यही कहा जा सकता है कि सपने देखने का अधिकार सभी को है और नकुलनाथ जागती आंखों से दिन में सपने देख रहे हैं.