बागेश्वर धाम के पास बवाल, प्रदर्शन करने जा रहे यादव महासभा के कार्यकर्ता हिरासत में, लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतरे समर्थक

लोकेश चौरसिया

• 07:22 PM • 13 Nov 2026

छतरपुर में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीकृष्ण पर कथित टिप्पणी से विवाद गहराया. यादव महासभा के विरोध प्रदर्शन और हिरासत के बीच बागेश्वर धाम के समर्थक भी लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतरे.

Chhatarpur Protest
Chhatarpur Protest
Google CTA

छतरपुर: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के चरित्र पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर छतरपुर में 13 नवंबर को भारी तनाव की स्थिति बन गई. इस बयान से नाराज यादव महासभा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिसके जवाब में बागेश्वर धाम के हजारों समर्थक भी सड़कों पर उतर आए. संभावित टकराव को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन दिनभर अलर्ट मोड पर रहा.

Read more!

रेलवे स्टेशन ग्राउंड में सभा और हिरासत 

महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन ग्राउंड में यादव महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव, प्रदेश अध्यक्ष शिशुपाल यादव और युवा प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव की मौजूदगी में विरोध सभा आयोजित की गई. सभा के बाद जैसे ही महासभा के सदस्य बागेश्वर धाम की ओर कूच करने लगे, पुलिस ने तीन स्तर की बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया. बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश के दौरान पुलिस ने करीब एक सैकड़ा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर बसों में बैठाया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया. हालांकि, महासभा के पदाधिकारियों का दावा है कि पन्ना नाके सहित विभिन्न चौराहों पर पुलिस ने करीब 400 से 500 समर्थकों को हिरासत में लेकर वापस भेजा.

प्रशासन पर सवाल और आंदोलन जारी रखने की चेतावनी 

यादव महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान राम, श्रीकृष्ण और मातृशक्ति के सम्मान में बागेश्वर धाम जा रहे भक्तों को जगह-जगह रोका गया. बैरिकेड्स तोड़ने के आरोपों को खारिज करते हुए महासभा ने स्पष्ट किया कि भीड़ के निकलने के दौरान बैरिकेड्स गिर गए थे, उन्हें जानबूझकर नहीं तोड़ा गया. महासभा ने साफ किया कि भगवान के खिलाफ टिप्पणी करने वालों के विरोध में उनका यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.

समर्थन में उतरा बागेश्वर धाम के समर्थक 

दूसरी ओर, विरोध प्रदर्शन की खबर मिलते ही बागेश्वर धाम शिष्य मंडल, सनातन एकता समिति और बजरंग सेना के हजारों समर्थक भगवा ध्वज और लाठी-डंडे लेकर फोरलेन पर उतर आए और हनुमान चालीसा का पाठ किया. किन्नर समाज की नीतू किन्नर ने भी विरोधियों को चेतावनी दी. जब समर्थकों का जत्था 'जय श्री राम' के नारों के साथ यादव महासभा के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने लगा, तो पुलिस के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई.

पुलिस की सख्त चेतावनी 

स्थिति को बेकाबू होने से बचाने के लिए एसपी रजत सकलेचा, एएसपी आदित्य पटले और एडीएम विनय द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे और दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोक दिया. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि संवैधानिक तरीके से विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी.