Chhatarpur viral video mother crying: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर किसी भी इंसान का दिल पसीज जाए. इस वीडियो में एक बेबस मां-बाप अपनी उस जवान बेटी के सामने हाथ जोड़कर रो रहे हैं जो अपने ही प्रेमी के साथ घर छोड़कर जा चुकी है. मां रोती-बिलखती हुई पुलिस की गाड़ी में बैठी अपनी बेटी के पैर पकड़कर उसे घर वापस चलने की मिन्नतें कर रही है, लेकिन बेटी का दिल अपनी मां के आंसुओं को देखकर भी नहीं पिघला. वह गाड़ी से नीचे उतरने तक को तैयार नहीं हुई. छतरपुर का ये मामला अब पूरे इलाके में भारी चर्चा का विषय बन चुका है.
ADVERTISEMENT
यह पूरा दिल दहला देने वाला नजारा छतरपुर के लवकुश नगर इलाके का है. सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें साफ देखा जा सकता है कि एक लाचार मां अपनी बेटी प्रतिमा यादव से घर वापस आने की लगातार गुहार लगा रही है. दूसरी तरफ बूढ़ा पिता अलग कोने में खड़ा होकर रो रहा है. मां पुलिस की जीप की खिड़की से हाथ अंदर डालकर अपनी बेटी के पैर तक पकड़ लेती है और कहती है कि हमें अपनी बिटिया के अलावा कुछ नहीं चाहिए. हालांकि, वहां मौजूद पुलिसकर्मी उस मां को गाड़ी से दूर हटाते नजर आ रहे हैं और लड़की भी अपनी मां के पास वापस जाने को बिल्कुल तैयार नहीं है.
रिश्ते के सगे चाचा के साथ भागकर रचाई शादी
दरअसल , लवकुश नगर की रहने वाली 18 साल की प्रतिमा यादव बीते 2 अप्रैल की रात अचानक अपने घर से गायब हो गई थी. अनहोनी की आशंका के चलते जब परेशान घरवालों ने अपनी बेटी की तलाश शुरू की तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. परिजनों को पता चला कि प्रतिमा ने शादी कर ली है. घर वालों का आरोप है कि उनकी बेटी ने किसी और से नहीं बल्कि रिश्ते में उनके सगे गांव के चाचा लगने वाले धर्मेंद्र यादव नाम के युवक के साथ भागकर प्रेम विवाह कर लिया है. इस रिश्ते के सामने आने के बाद से ही परिवार गहरे सदमे और सामाजिक लोकलाज के डर में है.
अनपढ़ मां-बाप का आरोप पुलिस मांग रही है पैसे
बेबस मां-बाप ने पुलिस प्रशासन पर भी बेहद गंभीर और संगीन आरोप लगाए हैं. पीड़ित माता-पिता का कहना है कि वे ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं. बेटी के लापता होने के बाद उन्होंने सबसे पहले अटकवा चौकी और फिर लौड़ी थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. परिजनों का आरोप है कि पुलिस वाले इस पूरे संवेदनशील मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं. मां-बाप ने कैमरे पर सरेआम कहा कि चौकी के पुलिसकर्मियों ने उनसे शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया और कहा कि शिकायत वापस ले लो. इतना ही नहीं, पुलिस वालों ने उनसे बेटी को ढूंढकर वापस लाने के बदले पैसे की व्यवस्था करने की डिमांड भी की थी.
इंस्टाग्राम पर वीडियो डाल प्रेमी जोड़े ने दी सफाई
दूसरी तरफ, घर से भागकर शादी करने वाली प्रतिमा यादव और उसके प्रेमी धर्मेंद्र यादव ने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो जारी कर पूरे मामले पर खुलकर सफाई दी है. वीडियो में प्रेमी जोड़े ने न्यूज़ चैनलों और अफवाह फैलाने वालों से हाथ जोड़कर निवेदन किया है. धर्मेंद्र ने कहा कि कुछ न्यूज़ वाले उल्टी-सीधी अफवाह फैला रहे हैं कि लड़का गाजियाबाद का है, जबकि ऐसा नहीं है. वे दोनों एक ही गांव के हैं और एक ही बिरादरी (यादव समाज) के हैं. उन्होंने बताया कि गांव के लोग और परिवार वाले इस शादी के लिए राजी नहीं हो रहे थे, इसलिए उन्होंने कोर्ट जाकर अपनी मर्जी से कानूनी तौर पर शादी की है.
एसपी ऑफिस पहुंचा मामला, पुलिस जांच में जुटी
जब पुलिस ने लड़की की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो यह प्रेमी जोड़ा खुद छतरपुर के एसपी ऑफिस पहुंच गया और वहां अधिकारियों के सामने अपने बयान दर्ज करवाए. इस पूरे मामले पर पुलिस अफसरों का कहना है कि युवती बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शादी करने की बात स्वीकार की है. परिजन इस शादी से सहमत नहीं हैं और उनका आरोप है कि लड़की सोशल मीडिया पर अनर्गल पोस्ट डाल रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है. चूंकि यह पूरी तरह से पारिवारिक मामला है, इसलिए यदि किसी कानूनी नियम का उल्लंघन नहीं पाया गया तो दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर इस पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण निराकरण किया जाएगा.
ADVERTISEMENT


