'पूरी जिंदगी चरणों में काटी, अब अकेला कैसे छोड़ दूं?', बाढ़ में डूबते मंदिर से पुजारी का जवाब सुन अधिकारी रह गए दंग

अखिलेश कुमार

• 03:54 PM • 02 Sep 2026

चित्रकूट में मूसलाधार बारिश से मंदाकिनी नदी के उफान पर आने से कई मंदिर जलमग्न हो गए, जहां बड़ा मठ मंदिर को डूबता देख DM-SP ने पुजारी से हाथ जोड़कर बाहर निकलने की गुहार लगाई. हालांकि, पुजारी ने ईश्वर को संकट में अकेला छोड़ने से साफ इनकार कर दिया और प्रशासन को हार मानकर बैरंग लौटना पड़ा.

चित्रकूट में बाढ़
चित्रकूट में बाढ़
Google CTA

पहाड़ी इलाकों में बीते 36 घंटों से जारी झमाझम बारिश ने चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के तेवर तल्ख कर दिए हैं. उफान पर आई मंदाकिनी खतरे के निशान से 5 मीटर ऊपर तक पहुंच गई, जिससे प्रसिद्ध रामघाट के किनारे बसे घर, दुकानें और कई प्रमुख मठ-मंदिर जलमग्न हो गए. आपदा की इस घड़ी में जहां प्रशासन लोगों की जान बचाने के लिए जमीन-आसमान एक कर रहा है, वहीं रामघाट से सामने आई एक तस्वीर ने हर किसी को हैरान कर दिया.

Read more!

रामघाट स्थित ऐतिहासिक बड़ा मठ मंदिर में जब बाढ़ का पानी तेजी से परिसर को घेरने लगा, तो हालात का जायजा लेने खुद जिलाधिकारी (DM) पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक (SP) अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. पानी के बढ़ते खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने पुजारी से हाथ जोड़कर तुरंत सुरक्षित स्थान पर चलने की मिन्नतें कीं.

लेकिन, पुजारी अपनी आस्था पर अटल रहे. उन्होंने स्पष्ट मना करते हुए कहा- "पूरी जिंदगी भगवान के चरणों में गुजार दी, अब इस संकट में उन्हें अकेला छोड़कर कहां जाऊं? जो होगा, मेरे ठाकुरजी ही तय करेंगे."

डीएम की सलाह पर मंदिर के कुछ अन्य लोग तो बाहर निकल आए, लेकिन पुजारी टस से मस नहीं हुए. अधिकारियों को आखिरकार हार मानकर वहां से लौटना पड़ा. इस पूरी बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

राहत और बचाव में जुटी NDRF की टीम

मंदिर से लौटने के बाद प्रशासनिक अमला लगातार पूरे रामघाट क्षेत्र में डटा रहा. एनडीआरएफ (NDRF) और स्थानीय राहत दलों की मदद से नावों के जरिए जलभराव में फंसे लोगों को निकाला जा रहा है. प्रशासन लगातार माइक से मुनादी कराकर निचले इलाकों को खाली करने का आग्रह कर रहा है.

हालांकि, देर रात मंदाकिनी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग 2 सेंटीमीटर नीचे दर्ज किया गया, जिससे थोड़ी राहत मिली है. लेकिन रुक-रुक कर हो रही बारिश को देखते हुए नदी के दोबारा उफान पर आने का खतरा बना हुआ है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है.

 

ये भी पढ़ें:झांसी: लव मैरिज के 1.5 साल बाद शिवानी का बिस्तर पर मिला शव, आखिर रात 2 बजे पति-पत्नी के बीच क्या हुआ? उठे कई सवाल