शिवपुरी/पिछोर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछोर के महाराजा छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिरकत कर क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की सौगातें दीं. हालांकि, पिछोर को जिला बनाने की सबसे बड़ी और पुरानी मांग पर मुख्यमंत्री ने तत्काल घोषणा करने के बजाय 2027 का टाइम-टेबल थमा दिया.
ADVERTISEMENT
सिंधिया और विधायक ने एक सुर में उठाई जिले की मांग
कार्यक्रम के दौरान मंच से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने एक सुर में 'जिला बनाओ' की मांग को जोर-शोर से उठाया. सिंधिया ने 2023 के विधानसभा चुनाव की याद दिलाते हुए कहा कि इसी स्टेडियम से पिछोर को जिला बनाने का वादा किया गया था. उन्होंने पूरा पंडाल खड़ा करवाकर जनता के समर्थन से जिला बनाने की गुहार लगवाई. वहीं, विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने राजनीतिक समीकरण समझाते हुए कहा कि यदि पिछोर जिला बन जाता है, तो यहां भाजपा की सीट हमेशा के लिए पक्की हो जाएगी. भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने भी 'किला और जिला' की परिकल्पना को मंजूरी देने का निवेदन किया.
सीएम का जवाब: परिसीमन आयोग करेगा फैसला, 2027 में करूंगा सिफारिश
जनता और नेताओं की जबरदस्त मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में परिसीमन आयोग का गठन हो चुका है. उन्होंने कहा, "2027 में मैं पिछोर को जिला बनाने के लिए अपनी सिफारिश (रिकमंड) करूंगा."
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री ने सोची-समझी रणनीति के तहत इस घोषणा को 2027 तक टाला है, तब क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को जिला बनने के अनुरूप तैयार किया जाएगा. मंच से केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने भी इशारों में कहा कि "अभी तो यह सिर्फ ट्रेलर है."
लाडली बहनों को भाईदूज का तोहफा, कांग्रेस पर साधा निशाना
इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण लाड़ली बहनों को मिली आर्थिक सौगात रही. सीएम मोहन यादव ने मंच से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1831 करोड़ 77 लाख रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की. इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों की बहनों के खातों में भी 200 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष लाड़ली बहना योजना का विरोध करते हैं और कहते हैं कि इस पैसे से शराब खरीदी जाती है. सीएम ने कहा कि दुनिया में 200 से ज्यादा देश हैं, लेकिन केवल भारत ही है जो अपने देश को मातृसत्ता से जोड़कर 'भारत माता की जय' बोलता है. उन्होंने बताया कि उनकी सरकार अब तक बहनों को 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दे चुकी है.
221 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, सीएम के पिटारे से निकले ये बड़े उपहार
मुख्यमंत्री ने पिछोर में 221 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं:
- शिक्षा: पिछोर में अत्याधुनिक संदीपनी विद्यालय और बामौरकलां में नया महाविद्यालय (कॉलेज) खोला जाएगा.
- पर्यटन और विरासत: पिछोर किले के जीर्णोद्धार के लिए 5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, साथ ही मोती सागर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक पूरी राशि देने की घोषणा की गई है.
- खेल और बुनियादी ढांचा: खनियाधाना में नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा और घासना नाले पर पुल का निर्माण होगा.
- सुरक्षा: कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेड्डी चौराहे पर नई पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी.
ADVERTISEMENT


