दतिया में दिनदहाड़े बीजेपी नेता कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश बदमाशों ने बीच सड़क पर बरसाईं गोलियां

Datia murder case: मध्य प्रदेश के दतिया में दिनदहाड़े बीजेपी नेता और पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई. नकाबपोश बदमाशों ने बीच सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए. पुरानी रंजिश के एंगल से जांच जारी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. जानिए पूरा मामला.

Datia murder case
Datia murder case

अशोक शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दिनदहाड़े एक बीजेपी नेता और पार्षद की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वार्ड नंबर 1 के पार्षद कल्लू कुशवाहा जब रोज की तरह मंदिर से लौटकर चौराहे पर टहल रहे थे, तभी अचानक अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां लगते ही कल्लू कुशवाहा लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

Read more!

नकाबपोश हमलावरों का तांडव और फरार

चश्मदीदों के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत मौके से फरार हो गए. घटना सुबह करीब 8:40 से 8:50 के बीच की बताई जा रही है. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. कोतवाली थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया.

पुरानी रंजिश और उम्रकैद का कनेक्शन

पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे पुरानी और आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. रिकॉर्ड के मुताबिक, कल्लू कुशवाहा का विवादों से पुराना नाता रहा है. दतिया कोर्ट ने पूर्व पार्षद बालकिशन कुशवाहा की हत्या के मामले में कल्लू कुशवाहा समेत छह लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी. हालांकि, बाद में उन्हें हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी और वे करीब 4 महीने पहले ही जेल से बाहर आए थे. पुलिस अब इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है कि क्या यह हत्या उसी पुरानी रंजिश का परिणाम है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने कल्लू कुशवाहा के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, फिलहाल परिजन सदमे में हैं इसलिए उनके बयान दर्ज होने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी.

कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल

शहर के बीचों-बीच और दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने दतिया की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल है. पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है.

    follow google news