Datia By-Election: दतिया उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, क्या BJP फिर खेलेगी नरोत्तम मिश्रा पर दांव या मिलेगा नए चेहरे को मौका?

न्यूज तक डेस्क

06 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 6 2026 10:41 AM)

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी, जो कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के कारण खाली हुई है.

नरोत्तम मिश्रा
नरोत्तम मिश्रा
Google CTA

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव का बिगुल बज चुका है. निर्वाचन आयोग ने मतदान और मतगणना की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई इस सीट पर अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस दोनों ने ही अपनी राजनीतिक गोटियां बिछाना शुरू कर दिया है. इस उपचुनाव को पूरे मध्य प्रदेश की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.

Read more!

30 जुलाई को वोटिंग, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा. इसके बाद 3 अगस्त को मतगणना होगी और उसी दिन चुनावी नतीजे सबके सामने आ जाएंगे. चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही इलाके में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है.

क्या डॉ. नरोत्तम मिश्रा की होगी चुनावी वापसी?

इस उपचुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा की संभावित चुनावी वापसी को लेकर है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि भाजपा उन्हें मैदान में उतारती है और वे जीत दर्ज करते हैं, तो यह उनकी मुख्यधारा की राजनीति में एक मजबूत वापसी होगी. इससे न सिर्फ दतिया बल्कि प्रदेश भाजपा के भीतर भी नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक, नरोत्तम मिश्रा पिछले कुछ महीनों से दतिया में लगातार एक्टिव हैं. वे स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें कर रहे हैं. पिछले चुनाव में जो कार्यकर्ता नाराज थे, उन्हें भी मनाने की कोशिशें जारी हैं.

कैलाश विजयवर्गीय के बयान ने सस्पेंस बढ़ाया

हालांकि, भाजपा ने अभी तक उम्मीदवार के नाम की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. नरोत्तम मिश्रा की सक्रियता के बीच कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के एक बयान ने सस्पेंस बढ़ा दिया है. विजयवर्गीय ने अपने बयान में कहा था कि नरोत्तम मिश्रा को अभी से प्रत्याशी मान लेना जल्दबाजी होगी. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी उन पर ही दांव खेलती है या किसी नए चेहरे को मौका देती है.

क्यों खाली हुई दतिया विधानसभा सीट?

यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने की वजह से खाली हुई है. दरअसल, दिल्ली की विशेष एमपी-एमएलए (MP-MLA) कोर्ट ने राजेंद्र भारती को आर्थिक अनियमितता से जुड़े एक पुराने मामले में 3 साल की सजा सुनाई थी. नियम के मुताबिक, सजा मिलने के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा ने उनकी सदस्यता समाप्त कर सीट को रिक्त घोषित कर दिया था. राजेंद्र भारती ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख भी किया था, लेकिन उन्हें सजा पर स्टे (स्थगन) नहीं मिल सका, जिसके बाद चुनाव आयोग ने यहाँ उपचुनाव की घोषणा कर दी.

कांग्रेस के सामने अपनी सीट बचाने की चुनौती

दतिया सीट को अपने पाले में बनाए रखने के लिए कांग्रेस भी पूरी ताकत झोंक रही है. पार्टी के भीतर उम्मीदवारों को लेकर मंथन का दौर जारी है. चर्चा है कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के बेटे समेत कई स्थानीय नेता टिकट की रेस में शामिल हैं. कांग्रेस नेतृत्व स्थानीय समीकरणों और जीत की संभावनाओं को देखकर ही अंतिम फैसला लेगा.