मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं. आरोप-प्रत्यारोप के इस दौर में अब एक ऐसा दिलचस्प वीडियो सामने आया है, जिसने चुनावी माहौल की तल्खी को कम कर उसमें हल्का-फुल्का हास्य घोल दिया है. चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का अचानक आमना-सामना हो गया. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच जो नोकझोंक और व्यंग्य बाण चले, उसने वहां मौजूद लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
चिरहुला गांव में जब अचानक आमने-सामने आए दोनों दल के नेता
यह पूरा वाकया दतिया जिले के चिरहुला गांव का है, जहां कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही दलों के नेता अपने-अपने चुनावी कार्यक्रमों के सिलसिले में पहुंचे हुए थे. इसी दौरान कांग्रेस की सभा के पास से गुजर रहे बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को देखकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन्हें अपने मंच के पास बुला लिया.
जीतू पटवारी ने मुस्कुराते हुए आशुतोष तिवारी से कहा कि अरे पास में आकर मिलो ना, दूर से क्यों जा रहे हो यार, ऐसे नहीं चलेगा. जीतू पटवारी ने तंज कसते हुए आगे कहा कि आप पहली बार यहां चुनाव लड़ने आए हो, इससे पहले तो आए नहीं और फिर भी इतनी दूर-दूर से जाओगे तो कैसे चलेगा.
बीजेपी प्रत्याशी ने कांग्रेस के मंच से ही मांग लिया आशीर्वाद
इसके बाद जीतू पटवारी ने आशुतोष तिवारी को अपने मंच का माइक सौंप दिया. माइक हाथ में आते ही बीजेपी प्रत्याशी ने बहुत ही सधे हुए अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा जरूर अलग-अलग है, लेकिन हमारे पारिवारिक रिश्ते बहुत पुराने हैं और मित्र के नाते मैं आप सबसे प्रार्थना करता हूं कि आपका आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को मिले. आशुतोष तिवारी ने हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर जनता से वोट रूपी आशीर्वाद की अपेक्षा की. इस पर तुरंत जीतू पटवारी ने चुटकी लेते हुए जनता से कहा कि देखिए, आशुतोष जी का पूरा अधिकार है कि वह आशीर्वाद मांगें, हमने ही उन्हें अपना माइक दिया है.
'आपको जानता कौन है' वाले तंज पर मिला करारा जवाब
बीजेपी प्रत्याशी को मंच पर बुलाने के बाद जीतू पटवारी ने वहां मौजूद ग्रामीणों से मजे लेते हुए पूछा कि इससे पहले आशुतोष जी को कहीं देखा है? उन्होंने तंज कसा कि मैंने यहां आपके बारे में पूछा तो लोगों ने कहा कि आपको कोई नहीं जानता, जिसके बाद वहां जनता के बीच ठहाके गूंज उठे. जीतू पटवारी के इस वार का पलटवार करते हुए बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि दतिया हमारा गृह जिला है और मारुति नगर में उनका घर है, इसलिए लोग उन्हें बहुत अच्छी तरह से जानते हैं. इस दौरान दोनों नेताओं ने राजनीति से ऊपर उठकर एक-दूसरे के साथ अपने पुराने पारिवारिक संबंधों का भी खुलकर जिक्र किया.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही दोस्ताना नोकझोंक
चिरहुला गांव में दोनों नेताओं के बीच हुई यह दिलचस्प और हल्की-फुल्की बातचीत अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. इस चुनावी माहौल में जहां आमतौर पर तीखे राजनीतिक हमले देखने को मिलते हैं, वहीं इस वीडियो में नेताओं के बीच मुस्कुराहट, चुटकी और व्यंग्य का एक अलग ही अनूठा अंदाज देखने को मिल रहा है. हालांकि, इस दोस्ताना नोकझोंक के पीछे दोनों ही नेता अपना-अपना चुनावी संदेश जनता तक पहुंचाने में कामयाब रहे. अब देखना दिलचस्प होगा कि दोनों नेताओं के बीच चले ये व्यंग्य बाण और ठहाके आगामी उपचुनाव के नतीजों में वोटों की सियासत पर कितना असर डालते हैं.
यहां देखें वीडियो
Datia By-Election: दतिया में फिर नरोत्तम समर्थकों पर FIR, अब क्या करेंगे नरोत्तम मिश्रा?
ADVERTISEMENT


