धार में खौफनाक हादसा, सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे 4 दोस्तों की कार में जलने से मौत, मचा हड़कंप

प्राची अवस्थी

• 03:55 PM • 26 Oct 2026

धार में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे दोस्तों की कार खाई में गिरी. आग लगने से 4 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत, 1 गंभीर रूप से घायल

धार में दर्दनाक सड़क हादसा
MP Accident News
Google CTA

एक दर्दनाक और खौफनाक सड़क हादसे से पूरा मध्य प्रदेश दहल उठा है. सांवरिया सेठ के दर्शन करके खुशी-खुशी घर लौट रहे पांच दोस्तों का सफर अचानक मौत के मंजर में बदल गया. धार जिले में रविवार देर रात हुए इस भीषण हादसे में चार दोस्तों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई.

Read more!

बेकाबू होकर खाई में गिरी तेज रफ्तार कार

यह हादसा लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सादलपुर और खेरोद के बीच रात करीब 11:30 बजे घटित हुआ. सागौर लौट रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया के डिवाइडर से टकराकर सीधे नीचे खाई में जा गिरी.टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और देखते ही देखते गाड़ी में भीषण आग लग गई.आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. कार सवार पांच दोस्तों में से तुषार किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन बाकी के चार दोस्त अंदर ही फंसे रह गए और झुलसने से उनकी जान चली गई.

अस्पताल में भर्ती घायल, मचा हड़कंप

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय निवासियों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया. हादसे में घायल तुषार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया है.

सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे सभी छात्र

हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम, चेतन चौधरी, आदित्य तिवारी और अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है. ये सभी सागौर क्षेत्र के रहने वाले थे और कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं. ये सभी दोस्त सांवरिया सेठ मंदिर दर्शन के लिए गए थे.मामले की जानकारी देते हुए एएसपी पारुल बेलापुरकर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच के अनुसार, कार के ड्राइवर साइड वाले पहिए में आग लगने के बाद गाड़ी बेकाबू होकर खाई में गिर गई थी.

दीपावली से पहले बुझ गए चार घरों के चिराग

जिन घरों में इन दोस्तों के सकुशल लौटने का इंतजार किया जा रहा था, वहां अब केवल चीख-पुकार और मातम है. दीपावली के त्योहार से ठीक पहले हुए इस भीषण हादसे ने चार हंसते-खेलते परिवारों के चिराग बुझा दिए. सागौर में हर आंख नम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.