दिग्विजय सिंह का बड़ा सियासी दांव, 2028 में युवा नेतृत्व की पैरवी, पटवारी-सिंघार का नाम आगे किया

प्राची अवस्थी

• 05:44 PM • 11 Nov 2026

दिग्विजय सिंह ने सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दोबारा शुरू होने से पहले 2028 विधानसभा चुनाव के लिए युवा नेतृत्व की पैरवी की है. उन्होंने जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नाम का सुझाव देने के साथ बीजेपी के हिंदुत्व पर निशाना साधा.

दिग्विजय सिंह का बड़ा दांव
Digvijay Singh
Google CTA


दिवाली के ब्रेक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' आज से एक बार फिर शुरू हो रही है. 5 दिनों के विराम के बाद दिग्विजय सिंह गुना के आरोन से अपनी इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे. हालांकि, यात्रा के दोबारा शुरू होने से पहले दिग्विजय सिंह ने साल 2028 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा बयान दिया है.

Read more!

दिग्विजय सिंह ने साफ कहा है कि राज्य में अगला विधानसभा चुनाव युवा नेतृत्व के चेहरे पर लड़ा जाना चाहिए. इसके लिए उन्होंने कांग्रेस नेता उमंग सिंघार और जीतू पटवारी का नाम भी आगे बढ़ाया है. उनके इस बयान को प्रदेश कांग्रेस में भविष्य के नेतृत्व और 2028 की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, पार्टी के भीतर किसी भी तरह की गुटबाजी की बात से उन्होंने साफ तौर पर इनकार किया है.

बीजेपी के हिंदुत्व और सिंधिया पर हमला

अपनी यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हिंदुत्व पर भी तीखे सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बीजेपी का हिंदुत्व सनातन नहीं, बल्कि सावरकर का हिंदुत्व है, जो समाज को बांटने का काम करता है. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश सरकार को घेरा. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह ने सवाल किया कि जब क्षेत्र के सांसद और केंद्र सरकार के मंत्री यहीं के हैं, तो किसानों की सुध क्यों नहीं ली जा रही? उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी.

अयोध्या तक पैदल सफर तय करेंगे दिग्विजय सिंह

गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह की यह 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' 20 अक्टूबर को उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के साथ शुरू हुई थी. इसके बाद 5 नवंबर को राघौगढ़ के पाटई आश्रम में यात्रा को विराम दिया गया था. 5 दिनों के त्योहार ब्रेक के बाद अब बुधवार 11 नवंबर को यह यात्रा गुना के आरोन से आगे बढ़ेगी.यह यात्रा मध्य प्रदेश के 8 जिलों और 16 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 18 नवंबर को उत्तर प्रदेश की सीमा में दाखिल होगी, जहां से दिग्विजय सिंह पैदल अयोध्या तक का सफर तय करेंगे. 2028 के चुनाव के लिए जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व की पैरवी कर दिग्विजय सिंह ने प्रदेश कांग्रेस की भावी रणनीति को लेकर सियासी हलचल तेज कर दी है.