डिंडौरी: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में भ्रष्टाचार और काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. हाल ही में औचक निरीक्षण पर निकलीं डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया का कड़ा और आक्रामक अंदाज देखने को मिला. गणेशपुर पंचायत भवन के निर्माण में भारी वित्तीय धांधली और आंगनवाड़ी केंद्र में गड़बड़ी सामने आने के बाद मैडम कलेक्टर का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने मौके पर मौजूद सरपंच और जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि "काम में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी, सीधे जेल जाना पड़ेगा."
ADVERTISEMENT
गणेशपुर पंचायत भवन निर्माण में भारी वित्तीय धांधली
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया जिले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अचानक औचक निरीक्षण पर निकली थीं. इस दौरान जब वह गणेशपुर पंचायत पहुंचीं, तो वहां निर्माणाधीन पंचायत भवन के काम में भारी गड़बड़ियां और वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं.
काम के घटिया स्तर और बजट में हेराफेरी को देखकर कलेक्टर मैडम सख्त लहजे में बिफर पड़ीं. उन्होंने बिना किसी ढिलाई के मौके पर मौजूद सरपंच और सचिव के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए. कलेक्टर की इस चेतावनी के बाद से पंचायत प्रतिनिधियों के पसीने छूट रहे हैं.
आंगनवाड़ी केंद्र में भी मिलीं गंभीर कमियां
निरीक्षण का यह सिलसिला सिर्फ पंचायत भवन तक ही सीमित नहीं रहा. कलेक्टर ने इलाके के एक आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां बच्चों और महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं और व्यवस्थाओं में कई खामियां और लापरवाहियां पाई गईं. कलेक्टर ने इस पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए.
"जिले में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार, वित्तीय धांधली या काम में लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी."
अंजू पवन भदौरिया (कलेक्टर, डिंडौरी)
कौन हैं IAS अंजू पवन भदौरिया?
- बैच: 2014 बैच की वरिष्ठ IAS अधिकारी.
- पिछली तैनाती: डिंडौरी की कमान संभालने से पहले वह रायसेन जिले में जिला पंचायत CEO के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं, जहां उनके प्रशासनिक कार्यों की काफी सराहना हुई थी.
- डिंडौरी में कार्यभार: अक्टूबर 2025 में उन्होंने डिंडौरी जिले के कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया था.
पूरे जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के इस 'ऑन-द-स्पॉट' एक्शन और सख्त रुख के बाद से पूरे डिंडौरी जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. कलेक्टर के इस कड़े अंदाज से यह साफ संदेश गया है कि जिले में सरकारी फंड की हेराफेरी या विकास कार्यों में ढिलाई बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT


