उम्र तो सिर्फ एक नंबर है, इंसान को दिल से जवान होना चाहिए... ये कहावत मध्य प्रदेश के अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त सच साबित हो गई जब एक बुजुर्ग यात्री रेलवे प्लेटफॉर्म पर बज रहे देशभक्ति गीत पर बेफिक्र होकर थिरकने लगे. स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत रेलवे स्टेशन पर देशभक्ति के तराने बजाए जा रहे थे जिसे सुनकर बुजुर्ग खुद को रोक नहीं पाए और खुशी से झूम उठे.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहे इस 22 सेकंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सफेद कुर्ता-पायजामा पहने एक बुजुर्ग यात्री अपने एक हाथ में काला छाता और कंधे पर यात्रा बैग टांगे हुए हैं. स्टेशन के लाउडस्पीकर पर जैसे ही बॉलीवुड फिल्म का लोकप्रिय देशभक्ति गीत देश रंगीला गूंजता है, बुजुर्ग यात्री प्लेटफॉर्म पर ही ताल से ताल मिलाकर नाचने लगते हैं.
DRM भोपाल ने शेयर किया वीडियो
भोपाल रेल मंडल (DRM Bhopal) ने अपने आधिकारिक 'X' (ट्विटर) हैंडल पर यह वीडियो साझा करते हुए लिखा- "#HarGharTiranga अभियान के तहत पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल के अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर एक बुजुर्ग रेल यात्री देशभक्ति गीतों को सुनकर खुशी से झूम उठे- यह हमारा भारत है, जहां खुशी के अनेक रंग हैं."
प्लेटफॉर्म पर छा गया खुशनुमा माहौल
वीडियो में बुजुर्ग यात्री बिना किसी झिझक के पूरे उत्साह के साथ घूम-घूमकर डांस करते दिख रहे हैं. वहीं पास में ट्रेन का इंतजार कर रहे अन्य यात्री और बच्चे भी बुजुर्ग के इस अंदाज को देखकर मुस्कुराते और उन्हें निहारते नजर आ रहे हैं. इस नजारे ने स्टेशन के माहौल को पूरी तरह से खुशनुमा और देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया.
सोशल मीडिया पर जमकर हो रही तारीफ
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। बड़ी संख्या में यूज़र्स इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में बुजुर्ग यात्री के जज्बे, जिंदादिली और देशभक्ति की जमकर सराहना कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि सच्चे भारत की असली खूबसूरती और सादगी ऐसे ही पलों में झलकती है.
ADVERTISEMENT


