खुद को IAS अफसर बताकर सोशल मीडिया पर ब्लॉग्स और रील्स के जरिए रौब जमाने वाली फर्जी आईएएस अधिकारी तृप्ति सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तृप्ति सिंह के खिलाफ एक और गंभीर मामले में चौथी एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है. इस बार तृप्ति सिंह पर मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग में होटल की लीज और ठेका दिलाने के नाम पर करीब 49 लाख की कथित ठगी का आरोप लगा है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर ब्लॉग्स और रसूख का दिखावा
वीडियो में सामने आए ब्लॉग क्लिप्स के अनुसार, लाल साड़ी में खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाली तृप्ति सिंह अपनी सहेलियों के साथ विधानसभा और अन्य प्रशासनिक परिसरों के बाहर ब्लॉग्स बनाती नजर आई. वीडियो में वह खुद को टूरिज्म विभाग की एडिशनल डायरेक्टर बताकर लोगों पर अपने झूठे प्रशासनिक प्रभाव का झांसा देती थी.
क्या है पूरा मामला?
भोपाल के बाग सेवनिया थाने में सिवनी निवासी पीड़ित गगन उपवंशी (31 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित के अनुसार तृप्ति सिंह ने खुद को मध्य प्रदेश टूरिज्म डिपार्टमेंट की एडिशनल डायरेक्टर बताया था. सरकारी प्रभाव का झांसा देकर टूरिज्म विभाग के तहत होटल की लीज और ठेका दिलवाने का भरोसा दिया गया.
इस पूरी प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल मिलाकर ₹49 लाख ऐड लिए गए. रकम ट्रांसफर होने के बाद जब लीज का कोई काम शुरू नहीं हुआ और पूछताछ पर टालमटोल की जाने लगी, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस की शरण ली.
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों पर शिकंजा
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. एफआईआर में मुख्य आरोपी तृप्ति सिंह, उसका भाई सुधांशु सिंह और साथी प्रखर को नामजद किया गया है.
प्रोडक्शन रिमांड की तैयार
तृप्ति सिंह पहले से ही अशोकनगर में दर्ज धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस हिरासत/जेल में है. अब भोपाल पुलिस (बाग सेवनिया थाना) उसे प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर भोपाल लाने की तैयारी कर रही है. फिलहाल इस मामले में नामजद उसके भाई सुधांशु, साथी प्रखर और ब्लॉग में नजर आने वाली उसकी सहेलियों की भूमिका को लेकर भी पुलिस पड़ताल कर रही है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस फर्जी नेटवर्क के जरिए और कितने लोगों को नौकरी, सरकारी ठेके या लीज दिलाने का झांसा देकर ठगा गया है.
ये भी पढ़ें: लाल साड़ी, ओवर-कॉन्फिडेंस और फर्जी रोब! IAS तृप्ति राजपूत का सहेलियों संग नया वीडियो वायरल, अब तलाश में जुटी पुलिस
ADVERTISEMENT


