भोपाल: मध्य प्रदेश के कटनी में चर्चित मामले में फरार चल रहीं पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया का तीन महीने बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है. उनकी तलाश के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने और पुलिस की कई टीमों को लगाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं. मामले में फरार तीनों आरोपियों पर अब पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 30-30 हजार रुपये कर दी है, जो पहले 20-20 हजार रुपये थी.
ADVERTISEMENT
फरार आरोपियों में पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया के अलावा क्षितिज राज बारापात्रा और मारूफ अहमद हनफी शामिल हैं. जिस पुलिस विभाग में नेहा कभी जिम्मेदार पद पर तैनात थीं, उसी विभाग की तीन महीने की तलाश के बाद भी उनकी गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
कटनी के चर्चित छब्बू कोल हत्याकांड की जांच के दौरान तत्कालीन सीएसपी नेहा पच्चीसिया की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई थी. उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर करीब एक करोड़ रुपये कीमत की जमीन का सौदा महज 15 से 20 लाख रुपये में कराया और दबाव बनाकर जमीन की रजिस्ट्री अपने करीबियों के नाम करवाई. इसके अलावा उन पर डंपर मालिकों से अवैध वसूली के आरोप भी लगे थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर नेहा पच्चीसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था. उनके खिलाफ कटनी के कुठला थाने में एफआईआर दर्ज की गई, जांच के लिए एसआईटी का गठन हुआ और उनके कार्यालय को भी सील किया गया.
एयर होस्टेस से पुलिस अधिकारी बनने तक का सफर
नेहा पच्चीसिया मध्य प्रदेश पुलिस राज्य सेवा की अधिकारी हैं और कटनी में सिटी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (CSP) के पद पर तैनात थीं. उन्होंने एयर होस्टेस की नौकरी छोड़कर खाकी वर्दी पहनने का फैसला किया था. साल 2012 में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा देने के बाद 2016 में घोषित परिणाम में उन्होंने 20वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद डीएसपी पद पर उनका चयन हुआ और उन्होंने पुलिस सेवा शुरू की.
अब देखना यह है कि एसआईटी कब तक पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया और अन्य फरार आरोपियों तक पहुंच पाती है, या फिर यह मामला लंबे समय तक सवालों के घेरे में बना रहेगा.
ADVERTISEMENT


