Guna Hotel Raj Palace Raid News: Guna Hotel Raj Palace Raid News: मध्य प्रदेश के गुना जिले के चाचौड़ा (बीनागंज) स्थित होटल राज पैलेस में शनिवार शाम पुलिस ने अचानक छापा मारा. पुलिस को होटल में संदिग्ध गतिविधियां होने की सूचना मिली थी. छापेमारी के दौरान ब्यावरा के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राहुल दांगी समेत तीन युवक और तीन युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं. पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, पुलिस को खबर मिली थी कि मनोहर थाना रोड स्थित होटल राज पैलेस में कुछ युवक-युवतियां ठहरे हुए हैं और वहां संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम होटल पहुंची और कमरों की तलाशी ली. इस दौरान पुलिस ने तीन जोड़ों को पकड़ा. पकड़े गए युवकों में ब्यावरा के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राहुल दांगी, उमाकांत पुरी और इंद्र सिंह मेहर शामिल हैं.
ADVERTISEMENT
परिजनों ने नहीं की शिकायत, मैनेजर पर कार्रवाई
छापेमारी के बाद पुलिस ने मौके पर पकड़ी गई युवतियों के परिजनों को बुलाया. परिजनों की ओर से किसी भी प्रकार की लिखित या कानूनी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने समझाइश देकर युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
हालांकि, पुलिस जांच में यह गंभीर लापरवाही सामने आई कि होटल मैनेजर हर्षवर्धन राजपूत ने बिना किसी पहचान संबंधी दस्तावेज (वैध आईडी) के ही कपल्स को कमरे दे दिए थे. पुलिस ने मैनेजर को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा, हिरासत के दौरान आपस में झगड़ा करने पर तीनों युवकों और होटल मैनेजर के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. सभी को तहसीलदार के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई.
कांग्रेस नेता की सफाई और पुलिस की जांच
मामले में घिरे कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राहुल दांगी ने पुलिस के सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को बेगुनाह बताया है. उनका कहना है कि वे राजस्थान स्थित कामखेड़ा मंदिर से दर्शन करके वापस लौट रहे थे और केवल चाय पीने के उद्देश्य से होटल में रुके थे.
फिलहाल, पुलिस होटल के संचालक गजराज सिंह मीणा की भूमिका की भी जांच कर रही है. इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है और कांग्रेस पार्टी की सियासत पर भी सवाल उठने लगे हैं.
यह भी पढ़ें: 'मूड खराब कर दिया...' हनीमून पर दुल्हन को आ गए पीरियड्स तो पति ने की हैवानियत, होटल स्टाफ ने बचाई जान
ADVERTISEMENT


