Gurumukh Karosia Viral Video: मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल की राजनीति में इन दिनों एक कथित वायरल वीडियो को लेकर जबरदस्त हड़कंप मचा हुआ है. सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी के नेता गुरुमुख करोसिया का लगभग 4 मिनट 20 सेकंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में निजी रिश्तों, कथित धोखे और लाखों-करोड़ों रुपये के खर्च से जुड़े कई गंभीर दावे किए गए हैं. हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद खुद बीजेपी नेता ने इसे फर्जी व एडिटेड बताते हुए राजनीतिक विरोधियों पर छवि खराब करने का आरोप लगाया है. हालांकि, न्यूज तक इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.
ADVERTISEMENT
वायरल वीडियो में किए गए गंभीर दावे
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित वीडियो में बीजेपी नेता गुरुमुख करोसिया दो महिलाओं का जिक्र करते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में वे कहते दिखते हैं कि जिन्हें उन्होंने आगे बढ़ाया, नौकरी पर लगवाया, वही लोग उनके दुश्मन बन गए. वीडियो में कथित तौर पर एक महिला पर प्यार के नाटक में फंसाकर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कराने और बेवफाई करने का आरोप लगाया गया है. इसके अलावा ऊर्जा विभाग में कार्यरत एक अन्य महिला पर भड़काने का आरोप भी लगाया गया है.
BJP नेता का पलटवार: "वीडियो पूरी तरह एडिटेड"
वीडियो के सोशल मीडिया पर छाने और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज होने के बाद खुद बीजेपी नेता गुरुमुख करोसिया सामने आए. उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी सफाई दी और विरोधियों पर जमकर हमला बोला. गुरुमुख करोसिया ने कहा कि उनके राजनीतिक और सामाजिक विरोधियों ने उनकी इमेज खराब करने के लिए वीडियो को एडिट करके व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर वायरल किया है. उन्होंने कहा कि वे इस हरकत से बहुत दुखी हैं और कुछ लोग उनकी राजनीतिक हत्या करना चाहते हैं. करोसिया ने यह भी कहा कि वे इस पूरे मामले में चुप नहीं बैठेंगे और वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा मानहानि का केस दर्ज करवाएंगे.
पुलिस का आधिकारिक बयान
मामले को लेकर जब ग्वालियर के सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि वीडियो वायरल होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, फिलहाल इस संबंध में पुलिस के पास किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित या औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस मामले की वैधानिक जांच करेगी.
यह भी पढ़ें: 'तुम्हारे सांसद-अध्यक्ष के पास जाओ...', सपा नेताओं पर क्यों भड़कीं BJP विधायक सरिता भदौरिया? जानिए पूरा सच
ADVERTISEMENT


