Gwalior Crime: रवि बनकर समीर ने विधवा महिला को जाल में फंसाया, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और फिर वीडियो से किया ब्लैकमेल

ग्वालियर में समीर खान ने 'रवि ठाकुर' बनकर एक विधवा महिला को शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया. पहचान उजागर होने पर उसने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

Gwalior Crime
Gwalior Crime

सर्वेश पुरोहित

follow google news

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों में धोखे और विश्वासघात का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. माधवगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर एक विधवा महिला से दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया. जब महिला को युवक की असलियत पता चली, तो उसने दूरी बना ली, जिसके बाद आरोपी उसे आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने लगा.

Read more!

रवि ठाकुर बनकर की दोस्ती, निकला समीर खान

पीड़ित महिला के मुताबिक कुछ साल पहले उसके पति की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद वह अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाले एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम रवि ठाकुर बताया. धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हुई और युवक ने शादी का वादा कर महिला के साथ संबंध बनाए. महिला का आरोप है कि काफी समय तक यह सिलसिला चलता रहा, लेकिन जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो युवक ने अपनी असली पहचान समीर खान के रूप में उजागर की.

पहचान खुलते ही ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी

समीर की असलियत सामने आने के बाद महिला ने उससे दूरी बना ली और कोई भी संबंध रखने से इनकार कर दिया. आरोप है कि इसके बाद समीर ने महिला की निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, उसने अवैध हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें भेजकर महिला को डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी भी दी.

पुलिस की कार्रवाई

डरी-सहमी महिला ने सामाजिक संगठनों की मदद से माधवगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी समीर खान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अन्य गंभीर धाराओं (जातिगत आधार पर भी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और सबूतों को इकट्ठा किया जा रहा है.

 

    follow google news