Gwalior: इस इन्फ्लुएंसर ने रशियन टूरिस्ट को ऐसा क्या कह दिया की हो गई गिरफ्तारी

ग्वालियर में एक रूसी महिला पर्यटक के साथ रील बनाने के दौरान अश्लील टिप्पणी करने वाले इन्फ्लुएंसर राधे गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने महिला की भाषाई अनभिज्ञता का फायदा उठाकर अभद्र वीडियो बनाया था, जिससे शहर और देश की छवि पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

ग्वालियर
ग्वालियर

हेमंत शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने विदेशी मेहमान के साथ अभद्रता की सारी हदें पार कर दीं. ग्वालियर किला घूमने आई एक रूसी महिला पर्यटक के साथ 'मजाक' और 'रील' बनाने के बहाने अश्लील टिप्पणी करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को धर दबोचा है.

Read more!

भाषा की आड़ में की अश्लीलता

जानकारी के मुताबिक, रूस से आए पर्यटकों का एक समूह आगरा के बाद ग्वालियर घूमने पहुंचा था. किले पर घूमते समय 'राधे गुर्जर' नाम के एक स्थानीय इन्फ्लुएंसर ने विदेशी महिला से बातचीत शुरू की. महिला को हिंदी भाषा की समोझ नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने रील बनाने के दौरान उसके लिए आपत्तिजनक और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया.

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला आरोपी की बातों को समझ नहीं पा रही थी और अनजाने में मुस्कुराते हुए 'Yes-Yes' कहकर प्रतिक्रिया दे रही थी. आरोपी ने इस आपत्तिजनक वीडियो को फेमस होने के लिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया.

पुलिस की सक्रियता: आरोपी ने मांगी माफी

वीडियो वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और नेटिज़न्स ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की. ग्वालियर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्रियता दिखाई और राधे गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने वीडियो डिलीट कर दिया था, लेकिन पुलिस ने उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है. पकड़े जाने के बाद आरोपी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का वादा किया है.

पर्यटन और देश की छवि पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं की वजह से ग्वालियर में विदेशी पर्यटकों के बीच असुरक्षा का भाव पैदा होता है. अक्सर पर्यटक आगरा के बाद सीधे झांसी या ओरछा निकल जाते हैं और ग्वालियर रुकने से बचते हैं. इससे पहले भी शहर में पर्यटकों के साथ ठगी की खबरें आती रही हैं.

पुराना अपराधी है आरोपी?

बताया जा रहा है कि आरोपी राधे गुर्जर पहले भी विवादों में रह चुका है. इससे पहले वह नई लग्जरी कार के साथ ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और हाईवे पर हवाई फायरिंग करने जैसे मामलों में भी चर्चा में रहा है.

 

    follow google news