"आखिर कितने लोगों से अफेयर चलाएगी...", पत्नी की बेवफाई से तंग आकर पति ने उठाया आत्मघाती कदम, वीडियो में रो-रोकर खोले राज

Gwalior News: पत्नी के कथित दर्जनों अफेयर और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर ग्वालियर के एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आत्मघाती कदम उठा लिया.

ग्वालियर में इस पति ने ये उठा लिया बड़ा कदम
ग्वालियर में इस पति ने ये उठा लिया बड़ा कदम

सर्वेश पुरोहित

follow google news

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाला और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां बहोड़ापुर इलाके में रहने वाले एक पीड़ित पति ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती का वीडियो जारी कर आत्मघाती कदम उठा लिया. वीडियो में युवक रो-रोकर अपनी पत्नी पर दर्जनों अफेयर रखने, महंगे शौक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाता नजर आ रहा है. हालांकि, समय रहते पड़ोसियों की सतर्कता से युवक की जान बचा ली गई है.

Read more!

यह पूरा मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सागरताल मल्टी का है, जहाँ वेंकट शर्मा नाम का युवक अपनी पत्नी के कथित तौर-तरीकों से बेहद परेशान था. खुद को नुकसान पहुंचाने से ठीक पहले वेंकट ने सोशल मीडिया पर तीन वीडियो शेयर किए, जो देखते ही देखते वायरल हो गए.

एक नहीं, 100 जगह चल रहा है अफेयर...

वायरल वीडियो में पीड़ित पति वेंकट शर्मा बुरी तरह रोते-बिलखते हुए अपना दर्द बयां कर रहा है. वीडियो में वह कहता है:

"मैं बहुत ज्यादा डिप्रेशन में जा रहा हूं. मेरे बच्चे को मुझसे दूर करके इन्हें क्या मिलेगा? मैंने इसको खूब बोला कि मत कर यार मत कर... तू कितने लोगों से अफेयर चलाएगी? मेरी बीवी का अफेयर पिछले तीन-चार साल से एक नहीं, बल्कि 100 जगह चल रहा था."

युवक ने वीडियो में कुछ स्थानीय लोगों और एक सरपंच का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वे लोग रात-रात भर उसकी पत्नी से घंटों बात करते हैं. जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे गुंडों से मरवाने की धमकी दी गई. पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी लग्जरी लाइफ की चाहत में गलत रास्तों पर चली गई और उसे अपने ही मासूम बेटे से दूर कर दिया, जिसका गम वह बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था.

सुसाइड नोटनुमा वीडियो में 8 लोगों को ठहराया जिम्मेदार

वेंकट शर्मा ने अपनी इस स्थिति के लिए एक वीडियो संदेश के जरिए अपनी पत्नी ऋतु शर्मा, सास गीता शर्मा, साले अनुभव शर्मा समेत कुल 8 लोगों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है. उसने पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाई है कि अगर उसे कुछ भी होता है, तो इन सभी के खिलाफ सख्त से सख्त एफआईआर दर्ज कर कड़ी सजा दी जाए.

पड़ोसियों ने मसीहा बनकर बचाई जान

वेंकट ने खुदकुशी की बात कहते हुए जैसे ही यह वीडियो स्थानीय सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप्स में शेयर किया, वहां हड़कंप मच गया. ग्रुप के एडमिन और पड़ोसियों ने तुरंत हरकत में आते हुए वेंकट से संपर्क करने की कोशिश की. जब कोई जवाब नहीं मिला, तो करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद वे वेंकट के फ्लैट नंबर 501 पहुंचे.

पड़ोसियों ने जब दरवाजा खोला तो वेंकट सोफे पर बेहोश पड़ा हुआ था. इसके बाद बहोड़ापुर थाना प्रभारी को तुरंत सूचना दी गई और पुलिस स्टाफ की मदद से युवक को नजदीकी ऑप्टिमस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ समय पर इलाज मिलने से डॉक्टरों ने उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई है.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

अस्पताल में भर्ती युवक का इलाज जारी है. इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि यह एक पारिवारिक विवाद (फैमिली मैटर) से जुड़ा मामला है. युवक के वीडियो और उसके द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को संज्ञान में ले लिया गया है. पुलिस हर पहलू और साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

    follow google news