ग्वालियर के दीनदयाल नगर इलाके में एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया है. यहां एक शातिर चोर चोरी की नियत से एक घर में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसकी एक छोटी सी गलती ने उसे रात भर के लिए बंधक बना दिया. हैरानी की बात यह है कि उसे किसी इंसान ने नहीं, बल्कि घर की एक लोहे की जाली ने पकड़ कर रखा. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
चोरी की नाकाम कोशिश और रात भर की सजा
ग्वालियर के दीनदयाल नगर स्थित एफएल सेक्टर में राजकुमार यादव के घर में यह घटना घटी. आरोपी की पहचान मनोज कुशवाहा के रूप में हुई है, जो रात के अंधेरे में चोरी के इरादे से पहुंचा था. उसने घर के अंदर दाखिल होने के लिए खिड़की की जाली से हाथ डालकर कुंडी खोलने की कोशिश की. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, जाली इतनी संकरी थी कि चोर का हाथ उसमें बुरी तरह फंस गया. उसने पूरी रात हाथ निकालने के लिए संघर्ष किया, लेकिन जितना वह हाथ खींचता, सूजन के कारण हाथ उतना ही फंसता चला गया. नतीजा यह हुआ कि चोर पूरी रात उसी 'स्टैंडिंग पोज' में खिड़की के पास खड़ा रहने को मजबूर हो गया.
सुबह जब घर मालिक ने देखा मंजर
अगली सुबह जब घर के मालिक राजकुमार यादव जागे और उन्होंने खिड़की के पास एक अंजान शख्स को इस हालत में खड़ा देखा, तो वे भी एक पल के लिए दंग रह गए. चोर की हालत देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. पकड़े जाने के डर और दर्द से बेहाल चोर मौके पर ही गिड़गिड़ाने लगा. वीडियो में चोर खुद को बचाने के लिए तरह-तरह की दलीलें देता और मिन्नतें करता नजर आ रहा है. वह अपना नाम और पता बताते हुए पुलिस और कोर्ट के पुराने मामलों की दुहाई देकर छूटने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी.
पुलिस की गिरफ्त में आदतन अपराधी
मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद चोर का हाथ जाली से बाहर निकलवाया और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ कि मनोज कुशवाहा कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि एक शातिर और आदतन चोर है. उस पर मुरार और महाराजपुर जैसे थानों में चोरी और सरिया चोरी के कई मामले पहले से ही दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, वह जाली से हाथ डालकर कुंडी खोल रहा था और संभवतः पूरी रात उसी हालत में फंसा रहा. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि वह अकेले ही वारदातों को अंजाम देता था या उसके साथ कोई बड़ा गैंग भी शामिल है.
जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा चोर
ग्वालियर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं. इलाके के लोग इस चोर की किस्मत और उसकी हालत को देखकर खूब ठहाके लगा रहे हैं. लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि 'तू क्या चोर बनेगा रे!', क्योंकि जिस अनुभव के साथ वह चोरी करने आया था, वह एक जाली के सामने फेल हो गया. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की तफ्तीश कर रही है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


